बम का जवाब बैलेट और भय का जवाब भरोसे से... बीरभूम में बोले अमित शाह, टीएमसी सरकार पर जमकर साधा निशाना

Amit Shah In Birbhum: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता चुनाव में “बम का जवाब बैलेट और भय का जवाब भरोसे से” देगी.

west bengal election 2026 Amit Shah said in Birbhum fiercely targeted Mamata government
Image Source: Social Media

Amit Shah In Birbhum: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता चुनाव में “बम का जवाब बैलेट और भय का जवाब भरोसे से” देगी. बीरभूम जिले के मयूरेश्वर में रैली के दौरान उन्होंने दावा किया कि 5 मई को बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी.

शाह ने ममता सरकार पर सिंडिकेट और माफिया राज चलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि बीजेपी की डबल इंजन सरकार आते ही इस सिस्टम को खत्म कर दिया जाएगा. लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि ममता सरकार को “टाटा बाय-बाय” कहने का समय आ गया है.

4 मई के बाद बदलेगा माहौल

उन्होंने कहा कि 4 मई के बाद राज्य में डर खत्म होगा और विकास का नया दौर शुरू होगा. शाह के मुताबिक, टीएमसी ने बीरभूम को “बम और बारूद का ढेर” बना दिया है और वहां भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी बढ़ी है.

चुनाव के दौरान हिंसा को लेकर शाह ने सख्त संदेश दिया. उन्होंने कहा कि 23 और 29 अप्रैल को मतदान के दिन जो लोग हिंसा फैलाना चाहते हैं, वे घर में रहें, वरना 4 मई के बाद कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि अब बूथ लूट और हिंसा के दिन खत्म हो चुके हैं.

गुंडों और माफिया पर होगी कार्रवाई

लोगों से बिना डर के वोट डालने की अपील करते हुए शाह ने कहा कि “23 मई को ममता का कोई भी गुंडा आपका बाल बांका नहीं कर पाएगा.” उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीजेपी सरकार बनने पर गुंडों और माफिया को चुन-चुनकर जेल भेजा जाएगा.

शाह ने कहा कि बीजेपी सरकार बनने के बाद घुसपैठियों को बाहर निकाला जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जमीन नहीं दी. उन्होंने वादा किया कि 45 दिनों के अंदर इस काम को पूरा किया जाएगा.

बंगाल की अस्मिता का मुद्दा

शाह ने कहा कि बंगाल की अस्मिता की रक्षा टीएमसी नहीं कर सकती. उन्होंने Narendra Modi सरकार के काम गिनाते हुए कई फैसलों का जिक्र किया. उन्होंने शिक्षक भर्ती, नगर निगम, राशन और अन्य योजनाओं में घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर “पाई-पाई का हिसाब” लिया जाएगा और जनता का पैसा वापस कराया जाएगा.

महिला सुरक्षा पर बड़ा दावा

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर शाह ने ममता सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बनने के बाद महिलाएं रात में भी बिना डर के बाहर जा सकेंगी और राज्य में कानून व्यवस्था मजबूत होगी.

ये भी पढ़ें- 'दशकों की प्रतीक्षा का अंत होगा', नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में बोले पीएम मोदी, क्या है महिला आरक्षण विधेयक?