पहले टेनिस कोर्ट में दिखाया कमाल, अब राजनीति में आजमाएंगे किस्मत; इस दिग्गज खिलाड़ी ने थामा BJP का दामन

Leander Paes Join BJP: भारतीय टेनिस की बात हो और लिएंडर पेस का नाम न आए, ऐसा मुश्किल ही होता है. पेस को दुनिया के सबसे सफल डबल्स खिलाड़ियों में गिना जाता है. उनकी उपलब्धियों ने भारत में टेनिस को नई पहचान दिलाई.

West Bengal Assembly Elections 2026 Indian tennis player Leander Paes joins BJP
Image Source: Social Media

Leander Paes Join BJP: भारतीय टेनिस की बात हो और लिएंडर पेस का नाम न आए, ऐसा मुश्किल ही होता है. पेस को दुनिया के सबसे सफल डबल्स खिलाड़ियों में गिना जाता है. उनकी उपलब्धियों ने भारत में टेनिस को नई पहचान दिलाई. खासकर 1996 अटलांटा ओलंपिक में जीता गया उनका कांस्य पदक बेहद खास रहा. इस जीत ने देश के युवाओं को टेनिस खेलने के लिए प्रेरित किया. आगे चलकर सोमदेव देववर्मन और रोहन बोपन्ना जैसे खिलाड़ियों ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया.

पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस एक बार फिर सुर्खियों में हैं. पश्चिम बंगाल में होने वाले 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर ली है. मंगलवार को दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और सुकांत मजूमदार की मौजूदगी में उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ली. पेस इससे पहले 2021 से तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए थे. ऐसे में चुनाव से पहले उनका पार्टी बदलना राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है.

चुनाव से पहले बड़ा सियासी असर

पश्चिम बंगाल में 294 सीटों पर चुनाव होने हैं. ऐसे में लिएंडर पेस का बीजेपी में आना तृणमूल कांग्रेस के लिए झटका माना जा रहा है. बताया जाता है कि बीजेपी नेता नितिन नवीन जब बंगाल दौरे पर गए थे, तभी उनकी पेस से मुलाकात हुई थी. इस मुलाकात में सौमिक भट्टाचार्य भी मौजूद थे. तभी से उनके बीजेपी में आने की चर्चा शुरू हो गई थी.

खेल परिवार से आते हैं पेस

लिएंडर पेस का जन्म 17 जून 1973 को कोलकाता में हुआ था. उनका परिवार पहले से ही खेलों से जुड़ा रहा है. उनके पिता वेस पेस 1972 के म्यूनिख ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा थे. वहीं उनकी मां जेनिफर पेस 1980 एशियाई बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम की कप्तान रह चुकी हैं.

1996 ओलंपिक की ऐतिहासिक जीत

लिएंडर पेस ने 1992 के बार्सिलोना ओलंपिक से अपने ओलंपिक करियर की शुरुआत की. हालांकि, सिंगल्स में वह पहले दौर में हार गए, लेकिन डबल्स में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया. इसके बाद 1996 अटलांटा ओलंपिक में उन्होंने इतिहास रच दिया. उन्होंने कांस्य पदक जीतकर भारत को 44 साल बाद ओलंपिक में व्यक्तिगत मेडल दिलाया. साथ ही वह ओलंपिक टेनिस में पदक जीतने वाले पहले भारतीय और एशियाई खिलाड़ी बने. यह उपलब्धि आज भी भारतीय खेल इतिहास के सबसे यादगार पलों में गिनी जाती है.

ये भी पढ़ें- Assam Chunav: UCC, लव जिहाद से लेकर 2 लाख नौकरी तक... असम चुनाव के लिए BJP ने जारी किया 'संकल्प पत्र'