Assam Chunav: UCC, लव जिहाद से लेकर 2 लाख नौकरी तक... असम चुनाव के लिए BJP ने जारी किया 'संकल्प पत्र'

भारतीय जनता पार्टी ने 2026 के असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना ‘संकल्प पत्र’ जारी कर दिया है.

BJP released manifesto sankalp patra for Assam elections
Image Source: ANI

Assam Chunav: भारतीय जनता पार्टी ने 2026 के असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना ‘संकल्प पत्र’ जारी कर दिया है. गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस मौके पर कहा कि पार्टी का लक्ष्य असम को सुरक्षित और विकसित राज्य बनाना है. उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने और बड़े पैमाने पर रोजगार देने का वादा किया.

UCC और रोजगार पर बड़ा वादा

घोषणापत्र में BJP ने राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने का ऐलान किया है, हालांकि छठी अनुसूची और अनुसूचित जनजाति (ST) क्षेत्रों को इससे बाहर रखा जाएगा. इसके अलावा पार्टी ने अगले पांच वर्षों में 2 लाख नौकरियां देने का वादा किया है.

साथ ही ‘लव जिहाद’ के खिलाफ सख्त कानून लाने और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की बात भी कही गई है.

बाढ़ मुक्त असम और इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान

BJP ने असम को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए पहले दो सालों में 18,000 करोड़ रुपये खर्च करने का वादा किया है. इसके अलावा हर जिले में मेडिकल कॉलेज, यूनिवर्सिटी और इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित करने की योजना भी शामिल है.

प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य “सुरक्षित असम और विकसित असम” बनाना है और यह संकल्प पत्र जनता से मिले करीब 2.45 लाख सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है.

सीतारमण ने गिनाए विकास के आंकड़े

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पिछले 10 वर्षों में असम की आर्थिक प्रगति को रेखांकित किया. उन्होंने बताया कि राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (GDP) लगभग तीन गुना बढ़ा है.

2015-16 में जहां राज्य की GDP 2.24 लाख करोड़ रुपये थी, वहीं 2025-26 तक इसके 7.41 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है. इसी तरह प्रति व्यक्ति आय 2020-21 में 1.03 लाख रुपये से बढ़कर 2024-25 में 1.59 लाख रुपये हो गई है.

डबल इंजन सरकार पर जोर

सीतारमण ने ‘डबल इंजन सरकार’ के फायदे गिनाते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की BJP सरकारों के सहयोग से असम में तेज़ी से विकास हुआ है. उन्होंने बताया कि केंद्र से मिलने वाला टैक्स हिस्सा 10,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 50,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

इसके अलावा 2014 के बाद से असम को कुल 5.61 लाख करोड़ रुपये का केंद्रीय ट्रांसफर मिला है, जिसमें टैक्स शेयर और ग्रांट शामिल हैं. साथ ही 50 साल के बिना ब्याज वाले लोन के रूप में 27,000 करोड़ रुपये भी दिए गए हैं.

इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर फोकस

सीतारमण ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां कांग्रेस ने 50 साल में ब्रह्मपुत्र नदी पर सिर्फ 3 बड़े पुल बनाए, वहीं BJP ने 10 साल में 9 पुल बना दिए हैं और 5 अन्य निर्माणाधीन हैं.

उन्होंने यह भी बताया कि पूर्वोत्तर के लिए केंद्र सरकार का बजट 2,122 करोड़ रुपये से बढ़कर 10,440 करोड़ रुपये हो गया है. असम में रेल नेटवर्क का 100% विद्युतीकरण पूरा हो चुका है और चाय बागानों में काम करने वाले 4.5 लाख परिवारों को पहली बार जमीन के मालिकाना हक दिए गए हैं.

सोनोवाल ने जनता के संकल्प की बात कही

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यह ‘संकल्प पत्र’ BJP का नहीं, बल्कि असम की जनता का दस्तावेज है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य के विकास की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र के सहयोग से असम तेजी से आगे बढ़ रहा है.

असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि 4 मई को मतगणना की जाएगी. इस चुनाव में BJP-नीत NDA सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए मैदान में है.

ये भी पढ़ें- ईरान जंग के बीच भारत के लिए बड़ी खुशखबरी, समंदर की गहराई से निकली गैस, ONGC को कैसे मिली सफलता?