Jharkhand Lightning Deaths: झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में एक 12 साल की लड़की, दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं. यह घटनाएं गढ़वा, रांची, धनबाद और बोकारो जिलों में हुईं.
रांची जिले के इटकी थाना क्षेत्र के कुल्ली गांव में 12 वर्षीय अश्रिता अपने माता-पिता के साथ पेड़ से आम तोड़ रही थी. इसी दौरान अचानक बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. हादसे में उसके माता-पिता भी घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
गढ़वा में दो लोगों की मौत
गढ़वा जिले में बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई. कंडी थाना क्षेत्र के गराखुर्द गांव में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई. वहीं बानाजंघा गांव में 32 वर्षीय युवक बिजली की चपेट में आ गया, जिससे उसकी जान चली गई.
धनबाद और बोकारो में भी हादसे
धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र के चुंगी गांव में 44 वर्षीय महिला की बिजली गिरने से मौत हो गई. वहीं बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के बाबूडीह गांव में 21 वर्षीय युवक की जान चली गई.
बारिश और बिजली से बदला मौसम
शुक्रवार को झारखंड के कई हिस्सों में तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हुईं. इसके कारण राज्य के तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई. मौसम पहले की तुलना में ठंडा हो गया है.
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने रांची, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और गोड्डा समेत 13 जिलों के लिए रविवार सुबह तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
तापमान में आई बड़ी गिरावट
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि अगले चार दिनों में तापमान फिर से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है.
शुक्रवार को डाल्टनगंज का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री कम था. वहीं चाईबासा में 33.4 डिग्री और रांची में 27.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
ये भी पढ़ें- IPL 2026 Final: फाइनल से पहले होगी क्लोजिंग सेरेमनी, जानिए कब और कहां खेला जाएगा RCB vs GT का मैच