कल फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली-UP से बिहार तक भारी बारिश, 17 राज्यों में अलर्ट

Kal Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है. मानसून अब धीरे-धीरे विदाई की तरफ बढ़ रहा है, लेकिन कई राज्यों में अभी भी अच्छी बारिश हो रही है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से पूर्वी भारत से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

Weather turn again tomorrow heavy rain expected Delhi-UP Bihar alert issued for 17 states
Image Source: ANI/ File

Kal Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है. मानसून अब धीरे-धीरे विदाई की तरफ बढ़ रहा है, लेकिन कई राज्यों में अभी भी अच्छी बारिश हो रही है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से पूर्वी भारत से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. 

मौसम विभाग ने 2 सितंबर के लिए कई राज्यों में बारिश का अनुमान जताया है. मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश हो सकती है. कुछ राज्यों में भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है.

दिल्ली-NCR में कल कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों से मौसम बदला हुआ है. मौसम विभाग ने 2 सितंबर को यहां बारिश होने की संभावना जताई है. बारिश के कारण तापमान में भी थोड़ी गिरावट आ सकती है. 

अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 3 सितंबर को भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.

उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को बारिश होने की संभावना है. खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई जगह बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में तेज हवा, बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है. 

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी आंधी और बिजली के साथ कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है. बिहार में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ कुछ जगह भारी बारिश की चेतावनी दी है.

बंगाल में भारी बारिश का अनुमान

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर पश्चिम बंगाल में दिखाई दे रहा है. कोलकाता समेत कई इलाकों में बारिश हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को भी गंगा के मैदानी हिस्सों में कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है.

दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भी भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र बुधवार सुबह तक पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है.

झारखंड में बारिश से हालात खराब

झारखंड में पिछले कई दिनों से हो रही तेज बारिश के कारण कई जिलों में परेशानी बढ़ गई है. नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और कई सड़कें पानी में डूब गई हैं. कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात भी बने हुए हैं. मौसम विभाग ने बुधवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में बारिश का अनुमान जताया है.

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में भी बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं. मौसम विभाग ने राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया है.

देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर नारंगी चेतावनी जारी की गई है. वहीं पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और हरिद्वार के लिए पीली चेतावनी जारी की गई है.

मध्य प्रदेश के इन जिलों में बारिश

मध्य प्रदेश के भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. उमरिया, बालाघाट, सतना, रीवा, पन्ना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, जबलपुर, मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा में बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, यह मौसम प्रणाली 4 सितंबर तक राज्य में असर डाल सकती है.

इन राज्यों में भी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. इसके अलावा बिहार, सिक्किम, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश हो सकती है.

ये भी पढ़ें- पुतिन के पीछे भागे शहबाज, फिर किया कुछ ऐसा, सोशल मीडिया पर पाकिस्तान का उड़ा मजाक, देखें VIDEO