Indian Economy: भारत की आर्थिक विकास दर 7.8 प्रतिशत पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर इस उपलब्धि को भारत की सामूहिक ताकत का नतीजा बताया. उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय युद्ध, संकट और सप्लाई चेन की परेशानियों से जूझ रही है, इसके बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है.
पीएम मोदी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि 7.8 प्रतिशत की विकास दर देश के लिए खुशी की बात है. उन्होंने इसके लिए देशवासियों के संकल्प और मेहनत की तारीफ की. प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया इस समय कई संघर्षों और संकटों से घिरी हुई है. कई जगहों से युद्ध की खबरें आ रही हैं और सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है.
उन्होंने कहा कि 2020 में आए कोविड संकट के बाद से दुनियाभर में स्थिरता की कमी बनी हुई है. ऐसे माहौल के बावजूद भारत अपनी आर्थिक रफ्तार बनाए हुए है और तेजी से आगे बढ़ रहा है.
पीएम मोदी ने साधा राहुल गांधी पर निशाना
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम नहीं लिया, लेकिन उन पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देश के भीतर कुछ लोग निराशा का माहौल बनाने और झूठ फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. इसके बावजूद भारत ने सभी चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है.
7.8% growth.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 1, 2026
Strong numbers.
Even stronger confidence. pic.twitter.com/ZVPpnAXrVU
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब इस रफ्तार को बनाए रखना जरूरी है. इसके लिए भारत को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ना होगा.
विदेश यात्रा और शादी को लेकर भी दिया संदेश
पीएम मोदी ने लोगों से स्वदेशी और ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोगों को केवल मौज-मस्ती के लिए विदेश यात्रा करने से बचना चाहिए. विदेश में शादी करने के बजाय भारत में ही शादी करने को बढ़ावा देना चाहिए.
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि जब तक बहुत जरूरी न हो, तब तक सोना खरीदने से भी बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि देश में स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जितना ज्यादा जोर दिया जाएगा, उतना ही भारत को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.
विकसित भारत के संकल्प पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि देश की मेहनत से युवा पीढ़ी के सपनों को पूरा किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां सही दिशा में हैं और देश के लोगों के इरादे मजबूत हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक ताकत देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए एकजुट हो रही है. उन्होंने देशवासियों से इस उपलब्धि का जश्न मनाने के साथ-साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेने की अपील की.
ये भी पढ़ें- भारत के डिफेंस सेक्टर में बढ़ेगा विदेशी निवेश, FDI नियम आसान करने की तैयारी, बढ़ेगा रक्षा निर्यात!