IndiGo Flight Emergency: गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंडिगो की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया. IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 को इंजन में खराबी की जानकारी मिलने के बाद वापस गोवा के मोपा एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया. विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और राहत की बात यह रही कि फ्लाइट में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं.
उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद मिली इंजन में खराबी की सूचना
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह करीब 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी. उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी की सूचना सामने आई. स्थिति को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने करीब 9:30 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी. इसके बाद विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय वापस गोवा के मोपा एयरपोर्ट की तरफ मोड़ने का फैसला किया गया. पायलटों ने विमान को सुरक्षित तरीके से वापस एयरपोर्ट लाने की प्रक्रिया शुरू की.
9:51 बजे मोपा एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग
इमरजेंसी घोषित होने के बाद विमान ने सुबह करीब 9:51 बजे रनवे 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की. लैंडिंग के बाद विमान को स्टैंड नंबर 6 पर पार्क किया गया. विमान के सुरक्षित तरीके से पार्क होने के बाद सुबह करीब 10:03 बजे फुल इमरजेंसी समाप्त कर दी गई. विमान के एयरपोर्ट पर लौटने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया. यात्रियों को फिलहाल एयरपोर्ट के बोर्डिंग एरिया में ठहराया गया है.
दिल्ली जाने वाले यात्रियों को करना होगा इंतजार
फ्लाइट के वापस लौटने के कारण दिल्ली जाने वाले यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई है. यात्रियों के लिए अब फ्लाइट के प्रस्थान का संशोधित समय दोपहर 3:30 बजे निर्धारित किया गया है. हालांकि, यह समय विमान को जरूरी क्लीयरेंस मिलने और अन्य ऑपरेशनल जरूरतों पर निर्भर करेगा. यात्रियों को आगे की यात्रा से पहले एयरलाइन की ओर से मिलने वाले अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
इंजन में किस तरह की खराबी आई
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान के इंजन में किस तरह की तकनीकी समस्या आई थी. साथ ही विमान में कुल कितने यात्री और क्रू सदस्य सवार थे, इसकी विस्तृत जानकारी भी सामने नहीं आई है. इंडिगो की ओर से घटना को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है. फिलहाल सबसे राहत की बात यही है कि आपात स्थिति के बावजूद विमान सुरक्षित रूप से गोवा लौट आया और सभी यात्री सुरक्षित हैं.
ये भी पढ़ें- भारत के डिफेंस सेक्टर में बढ़ेगा विदेशी निवेश, FDI नियम आसान करने की तैयारी, बढ़ेगा रक्षा निर्यात!