PM Modi on GDP Growth: भारत की अर्थव्यवस्था ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच मजबूत प्रदर्शन करते हुए चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 7.8% की विकास दर दर्ज की है. इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी और इसे लोगों के संकल्प, मेहनत और सामूहिक शक्ति का परिणाम बताया. प्रधानमंत्री ने साथ ही नागरिकों से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने की अपील की.
7.8% GDP ग्रोथ पर PM मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में 7.8% की विकास दर का जिक्र करते हुए देशवासियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि इस शानदार ग्रोथ रेट से देश में खुशी का माहौल है. पीएम मोदी के मुताबिक, यह उपलब्धि करोड़ों भारतीयों के संकल्प और कड़ी मेहनत का प्रमाण है. प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की यह आर्थिक मजबूती किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की सामूहिक ताकत का नतीजा है. उन्होंने लोगों से इसी ऊर्जा के साथ देश को आगे ले जाने का आह्वान किया.
दुनिया में अस्थिरता के बीच भारत की तेज रफ्तार
पीएम मोदी ने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया इस समय युद्ध और कई तरह के संकटों से गुजर रही है. युद्ध की वजह से सप्लाई चेन प्रभावित हुई है और 2020 में कोविड महामारी के दौर से लेकर अब तक वैश्विक स्तर पर स्थिरता की स्थिति नहीं बन पाई है. इसके बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है. प्रधानमंत्री ने इसे देश की आर्थिक क्षमता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया. उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत का मजबूत प्रदर्शन उम्मीद बढ़ाने वाला है.
स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील
प्रधानमंत्री ने एक बार फिर आत्मनिर्भर भारत पर जोर देते हुए नागरिकों से स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को प्राथमिकता देने की अपील की. उन्होंने कहा कि देशवासी जितना अधिक स्वदेशी चीजों को अपनाएंगे, भारत की अर्थव्यवस्था को उतना ही फायदा मिलेगा. पीएम मोदी ने लोगों से गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने की भी अपील की. उन्होंने कहा कि पर्यटन के लिए विदेश जाने के बजाय भारत के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. साथ ही उन्होंने डेस्टिनेशन वेडिंग विदेश में आयोजित करने के बजाय ‘वेड इन इंडिया’ को बढ़ावा देने की बात कही.
गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने की सलाह
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से यह भी कहा कि अगर जरूरी न हो तो सोना खरीदने से बचें. उनका कहना है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में ऐसे कदम भारत को बाहरी आर्थिक झटकों से निपटने में मदद कर सकते हैं. उन्होंने आत्मनिर्भरता को देश के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि अगर भारत इसी तरह आत्मनिर्भरता पर जोर देता रहा तो आजादी के 100 साल पूरे होने तक देश अपने युवाओं को विकसित भारत सौंपने की दिशा में आगे बढ़ सकता है.
‘नीति सही, इरादा साफ और ताकत एकजुट’
पीएम मोदी ने देशवासियों से विकसित भारत के लक्ष्य के लिए लगातार मेहनत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों को कड़ी मेहनत के जरिए पूरा किया जाएगा. प्रधानमंत्री ने देश की नीतियों और इरादों पर भरोसा जताते हुए कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की एकजुट शक्ति देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सक्षम है.
उम्मीद से बेहतर रही GDP ग्रोथ
सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-जून तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था 7.8% की दर से बढ़ी. यह प्रदर्शन बाजार की उम्मीदों से बेहतर रहा. वैश्विक स्तर पर जारी संघर्ष और उससे पैदा हुई अनिश्चितता के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था की यह रफ्तार आर्थिक मजबूती का संकेत मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें- 7.8% GDP ग्रोथ से गदगद हुए पीएम मोदी, खुद Reel बनाकर बताया दुनिया में मंदी के बीच कैसे हुआ ये कमाल?