Weather: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत से लेकर पूर्व, मध्य और दक्षिण भारत तक तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिल रहा है. कई इलाकों में तेज हवाओं ने पेड़ उखाड़ दिए हैं और किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक यह बदला हुआ मौसम जारी रहने वाला है, खासकर 7 और 8 अप्रैल को इसका असर और ज्यादा देखने को मिलेगा.
उत्तर भारत में तेज आंधी-बारिश का दौर
मौसम विभाग का कहना है कि 5 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
पूर्वी और मध्य भारत में भी असर
मौसम का यह सिस्टम केवल उत्तर भारत तक सीमित नहीं रहेगा. 7 और 8 अप्रैल को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है.
इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मौसम अचानक बिगड़ सकता है.
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में भी बारिश
दक्षिण भारत के राज्यों- केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और कर्नाटक में 4 से 8 अप्रैल के बीच बारिश के आसार बने हुए हैं. वहीं पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
तापमान में गिरावट का अनुमान
सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले करीब एक सप्ताह तक देश के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रह सकता है. इससे गर्मी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन मौसम की अस्थिरता बनी रहेगी.
दिल्ली का मौसम
राजधानी में हाल ही में हुई तेज आंधी और बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया है. मौसम विभाग के अनुसार, 4 से 7 अप्रैल के बीच दिल्ली में मौसम बदलता रहेगा. 5 अप्रैल की शाम को हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
उत्तर प्रदेश का हाल
उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने लोगों को चौंका दिया है. हाल ही में हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, 7 और 8 अप्रैल को एक बार फिर से मौसम सक्रिय होगा और कई जगहों पर तेज हवाओं (50–60 किमी/घंटा) के साथ ओले गिर सकते हैं.
बिहार में बारिश और तूफान की चेतावनी
बिहार में 5, 6 और 9 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं 7 और 8 अप्रैल को आंधी-तूफान और ओलावृष्टि हो सकती है. इस दौरान हवा की गति करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे नुकसान की आशंका बनी हुई है.
मध्य प्रदेश में भी बिगड़े हालात
मध्य प्रदेश के कई जिलों में अचानक मौसम खराब हो गया है. तेज बारिश और ओलावृष्टि ने कई इलाकों में नुकसान पहुंचाया है, खासकर ग्वालियर जैसे क्षेत्रों में स्थिति ज्यादा प्रभावित रही.
मौसम विभाग के भोपाल केंद्र के वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ है. विभाग ने चेतावनी दी है कि 5 अप्रैल तक कई जिलों में तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: इन 4 राशियों को मिल सकता है नया प्यार, इन जातकों की बढ़ेगी टेंशन, जानें आज का लव राशिफल