इन राज्यों में पड़ने वाली है भीषण ठंड, पछुआ हवाओं और कोहरे के चलते बढ़ेगी ठिठुरन; अलर्ट जारी

Weather Forecast: दिसंबर का आखिरी सप्ताह आते-आते ठंड ने अपना पूरा असर दिखाना शुरू कर दिया है. उत्तर भारत से लेकर देश के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी, घना कोहरा और सर्द हवाओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है.

Weather Forecast Severe cold is going to fall in these states increase due to westerly winds fog
Image Source: ANI/ File

Weather Forecast: दिसंबर का आखिरी सप्ताह आते-आते ठंड ने अपना पूरा असर दिखाना शुरू कर दिया है. उत्तर भारत से लेकर देश के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी, घना कोहरा और सर्द हवाओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम हो रही है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ रहा है. इसी बीच मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि नए साल से पहले लोगों को ठंड से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा में आने वाले दिनों में घना से बहुत घना कोहरा बना रहेगा. खासतौर पर बिहार में अगले तीन दिनों तक पछुआ हवाओं और कोहरे के चलते ठिठुरन और बढ़ सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान में गिरावट के साथ-साथ नमी बढ़ने से ठंड और ज्यादा महसूस होगी.

कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई हिस्सों के लिए 27 तारीख को ‘कोल्ड डे’ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान घने कोहरे की चेतावनी भी दी गई है. अनुमान है कि उत्तर बिहार में दक्षिण बिहार की तुलना में ज्यादा ठंड पड़ेगी. IMD के मुताबिक, 30 दिसंबर तक राज्य में शीत दिवस और घने कोहरे जैसी स्थिति बनी रह सकती है. यानी नए साल की शुरुआत से पहले लोगों को ठंड से किसी तरह की राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.

नए साल तक नहीं मिलेगी राहत

आईएमडी ने बताया है कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा 1 जनवरी 2026 तक छाया रह सकता है. इससे सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ सकती है और ट्रेन व फ्लाइट सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 1 जनवरी तक कोहरा छाया रहने का अनुमान है, जबकि पंजाब और हरियाणा में 30 दिसंबर तक हालात ऐसे ही बने रह सकते हैं. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 30 और 31 दिसंबर के दौरान कोहरे की संभावना जताई गई है.

शीतलहर की चेतावनी भी जारी

ठंड के साथ-साथ शीतलहर का खतरा भी बढ़ गया है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर राजस्थान में 27 दिसंबर को और झारखंड में 27-28 दिसंबर के दौरान कुछ इलाकों में शीतलहर चल सकती है. ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं. प्रशासन की ओर से भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. मौसम विभाग ने खास तौर पर कहा है कि कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और फॉग लाइट का इस्तेमाल जरूर करें.

पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, 27 से 31 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 26, 30 और 31 दिसंबर को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फ गिरने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते तापमान और गिर सकता है, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड का असर और बढ़ सकता है.

अन्य क्षेत्रों का मौसम हाल

स्काईमेट के अनुसार, 27 से 31 दिसंबर के बीच अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा, अगले 24 से 48 घंटों में पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.

सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि ठंड और कोहरे के इस दौर में सावधानी बरतें. खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्कता रखने की जरूरत है. कुल मिलाकर, दिसंबर के आखिरी दिनों में ठंड अपने चरम पर रहने वाली है और नए साल से पहले मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद फिलहाल नहीं दिख रही है.

यह भी पढ़ें- जीजा साली में प्यार चढ़ा परवान, घर छोड़कर भागे.. बीच रास्ते में जो हुआ, जानकर उड़ जाएंगे होश