टूट गए गर्मी के सारे रिकॉर्ड! 1901 के बाद अगस्त बना भारत का सबसे गर्म महीना

Weather Update: भारत में इस साल मानसून के दौरान कई जगह अच्छी बारिश हुई, लेकिन देश के कुछ हिस्सों में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई. इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार, 31 अगस्त 2026 को बताया कि इस साल का अगस्त महीना 1901 के बाद से भारत में सबसे ज्यादा गर्म रहा है.

Weather All heat records shattered August becomes India hottest month since 1901
Image Source: ANI/ File

Weather Update: भारत में इस साल मानसून के दौरान कई जगह अच्छी बारिश हुई, लेकिन देश के कुछ हिस्सों में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई. इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार, 31 अगस्त 2026 को बताया कि इस साल का अगस्त महीना 1901 के बाद से भारत में सबसे ज्यादा गर्म रहा है. यानी अगस्त में हुई बारिश भी देश के कई हिस्सों में लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं दिला सकी.

हालांकि, असम और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश ने भारी तबाही मचाई. असम में लगातार कई दिनों तक हुई तेज बारिश के कारण बाढ़ आ गई, जिससे लाखों लोग प्रभावित हुए. वहीं, पश्चिमी तट पर महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत कई जिलों में भी भारी बारिश हुई. अब मौसम विभाग ने सितंबर को लेकर भी राहत की उम्मीद कम कर दी है. आईएमडी के मुताबिक, सितंबर में देश में सामान्य से कम बारिश हो सकती है.

सितंबर में भी कम बारिश का अनुमान

आईएमडी ने सोमवार को सितंबर महीने का मौसम पूर्वानुमान जारी किया. विभाग के मुताबिक, सितंबर में देशभर में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है. बारिश लॉन्ग पीरियड एवरेज यानी एलपीए के 91 फीसदी से भी कम रह सकती है.

एलपीए का मतलब किसी इलाके में लंबे समय के दौरान एक तय महीने या मौसम में होने वाली औसत बारिश से है. इसके लिए आमतौर पर कई दशकों के बारिश के आंकड़ों को आधार बनाया जाता है.

1971 से 2020 के आंकड़ों के अनुसार, भारत में सितंबर महीने की औसत बारिश करीब 167.9 मिलीमीटर रही है. आईएमडी ने यह भी बताया कि सितंबर में देश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है. यानी बारिश कम होने के साथ गर्मी भी लोगों को परेशान कर सकती है.

अरुणाचल प्रदेश में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

सितंबर की शुरुआत में अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. आईएमडी के मुताबिक, राज्य के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रह सकता है.

मौसम विभाग के जिलेवार अलर्ट के अनुसार, मंगलवार 1 सितंबर को शि-योमी, दिबांग वैली, ईस्ट कामेंग, पापुम पारे, अंजॉ, चांगलांग और लोंगडिंग में बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है.

इसके अलावा गुरुवार 3 सितंबर को पक्के केसांग, पापुम पारे, अंजॉ, चांगलांग और लोंगडिंग जिलों में भी बारिश, गरज और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने इन इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम की जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी है.

ये भी पढ़ें- बिश्केक में पुतिन से मिले पीएम मोदी, यूक्रेन युद्ध पर दिया शांति का संदेश, कहा- जंग खत्म करनी होगी