PM Modi Meeting Putin: किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मुलाकात हुई. इस दौरान पीएम मोदी ने यूक्रेन युद्ध को खत्म करने और शांति का रास्ता अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि युद्ध पूरी मानवता के लिए खतरा है और भारत हमेशा से शांति के पक्ष में रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया की भलाई के लिए युद्ध को जल्द खत्म करना जरूरी है.
प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन से कहा कि सभी समस्याओं का हल बातचीत और शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए. उन्होंने कहा कि अब लंबे समय से चल रहे युद्ध को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ना होगा, क्योंकि युद्ध का हर दिन इंसानियत के हित में एक कदम पीछे ले जाता है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत बुद्ध और महात्मा गांधी के विचारों पर चलने वाला देश है और इसलिए वह हमेशा शांति का समर्थन करता है. उन्होंने कहा कि दुनिया में स्थायी शांति तभी आ सकती है, जब युद्ध को रोका जाए.
दोनों देशों के लिए राष्ट्रीय हित सबसे ऊपर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति से कहा कि पिछले साल उनकी भारत यात्रा बेहद सफल और यादगार रही थी. उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि भारत और रूस के बीच सहयोग लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहा है.
पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश अपने नागरिकों की भलाई के लिए मिलकर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित को सबसे ऊपर रखकर आगे बढ़ना भारत और रूस की साझा सोच रही है और भविष्य में भी यही दोनों देशों का मुख्य लक्ष्य रहेगा.
Always a delight to meet President Putin. Sharing my remarks during our meeting in Bishkek.
— Narendra Modi (@narendramodi) August 31, 2026
https://t.co/cEHwfBsGub
रक्षा, ऊर्जा और व्यापार पर हुई बात
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा सहयोग, ऊर्जा आपूर्ति, व्यापार, उर्वरक की सप्लाई और कई अहम अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की. यह बातचीत सितंबर में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले हुई है.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत यूक्रेन मुद्दे को लेकर शांति की सभी कोशिशों का समर्थन करता है और आगे भी करता रहेगा. उन्होंने कहा कि भारत सभी समस्याओं को शांतिपूर्ण तरीके से हल करने के पक्ष में है, जो पूरी मानवता के लिए जरूरी है. पीएम मोदी ने कहा कि सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन में पुतिन की मौजूदगी से भारत और रूस के रिश्ते और मजबूत होंगे.
भारत-रूस के रिश्ते लगातार मजबूत: पुतिन
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत और रूस के बीच बढ़ते व्यापार और आर्थिक सहयोग का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार में सकारात्मक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और कुल कारोबार 2 फीसदी से ज्यादा बढ़ा है.
पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत ध्यान की वजह से दोनों देशों के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं. उन्होंने भारत और रूस के बीच पर्यटन बढ़ने की भी बात कही. पुतिन के मुताबिक, 2025 में दोनों देशों के बीच पर्यटकों की आवाजाही में 16 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
पुतिन ने पीएम मोदी का जताया आभार
मुलाकात के दौरान पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि रूस और भारत के संबंध खास और भरोसेमंद साझेदारी के आधार पर लगातार आगे बढ़ रहे हैं.
पुतिन ने कहा कि भारत और रूस के बीच बने मजबूत कारोबारी और दोस्ताना रिश्तों में प्रधानमंत्री मोदी का विशेष ध्यान काफी अहम रहा है. उन्होंने पीएम मोदी को दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने में उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद भी दिया.
ये भी पढ़ें- पंजाब यूनिवर्सिटी चुनाव में ABVP का बजा डंका, अध्यक्ष पद पर अंकित बिढान की बड़ी जीत