Israel Attack In Caspian Sea: मिडिल ईस्ट में चल रहा तनाव अब एक नए और खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है. हालात ऐसे हो गए हैं कि जंग अब पारंपरिक सीमाओं से बाहर जाती नजर आ रही है. इसी बीच इज़रायल ने पहली बार कैस्पियन सागर के इलाके में हमला किया है, जिसे एक बड़ा रणनीतिक कदम माना जा रहा है.
कैस्पियन सागर दुनिया का सबसे बड़ा बंद जल क्षेत्र है. यह लंबे समय से रूस और ईरान के बीच एक सुरक्षित सप्लाई रूट के रूप में इस्तेमाल होता रहा है. इस रास्ते से हथियार, ड्रोन और गोला-बारूद बिना ज्यादा खतरे के एक जगह से दूसरी जगह भेजे जाते थे, क्योंकि यह इलाका बाहरी सैन्य दबाव से काफी हद तक दूर माना जाता था.
सप्लाई लाइन पर हमला
रिपोर्ट्स के अनुसार, इसी रूट से बड़ी मात्रा में हथियार भेजे जा रहे थे. खास तौर पर शाहेद ड्रोन इस नेटवर्क का अहम हिस्सा बन चुके थे. इन्हीं सप्लाई को रोकने के लिए इज़रायल ने ईरान के कैस्पियन तट पर स्थित बंदर अंजली पर हमला किया. इस हमले में जहाज, नेवल सेंटर और कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया. बताया जा रहा है कि इस हमले से वहां के इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी नुकसान पहुंचा है.
रूस-ईरान की बढ़ती साझेदारी
इस घटना से रूस और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग की भी झलक मिलती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस ने ईरान को सैटेलाइट जानकारी और एडवांस तकनीक दी है, जिससे हमलों की ताकत और सटीकता बढ़ी है.
असर सिर्फ जंग तक सीमित नहीं
इस हमले का असर सिर्फ सैन्य नहीं, बल्कि आर्थिक भी हो सकता है. यही रूट जरूरी सामान और अनाज के व्यापार के लिए भी इस्तेमाल होता था. ऐसे में सप्लाई रुकने से कई देशों पर असर पड़ सकता है. रूस ने इस हमले की आलोचना की है और इसे हालात को और बिगाड़ने वाला कदम बताया है.
आगे क्या हो सकता है
विशेषज्ञों का मानना है कि रूस और ईरान नए रास्ते तलाश सकते हैं, इसलिए इसका असर हमेशा के लिए नहीं रहेगा. लेकिन इतना साफ है कि इज़रायल ने यह दिखा दिया है कि वह दूर और सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में भी हमला करने की क्षमता रखता है. अब बड़ा सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ एक चेतावनी थी या आने वाले समय में ऐसे और हमले देखने को मिल सकते हैं.
ये भी पढ़ें- Delhi: करोल बाग में भीषण सड़क हादसा, डबल डेकर बस पलटने से दो लोगों की मौत, कई घायल