महिला क्रिकेट के इतिहास में शुक्रवार की शाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई, जब टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम को धूल चटा दी. सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया पूरे टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही थी, लेकिन भारतीय महिलाओं ने अपने आत्मविश्वास, धैर्य और जज्बे से सबको चौंका दिया. इस जीत के साथ भारत पहली बार इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है.
भारत की इस जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है और इसी बीच भारतीय पुरुष टीम के सुपरस्टार विराट कोहली ने भी टीम इंडिया की इस उपलब्धि को सलाम किया. विराट ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि ऑस्ट्रेलिया जैसी ताकतवर टीम पर हमारी क्या शानदार जीत हुई. लड़कियों ने बेहतरीन आत्मविश्वास के साथ रन चेज किया और जेमिमा रोड्रिगेज ने तो गज़ब का खेल दिखाया. यह दृढ़ता, विश्वास और जुनून का सच्चा प्रदर्शन है. शाबाश, टीम इंडिया!” कोहली का यह संदेश कुछ ही मिनटों में वायरल हो गया और फैंस ने उन्हें “सपोर्टिव किंग” कहकर सराहा.
जेमिमा रोड्रिगेज बनीं जीत की नायिका
मैच की असली कहानी जेमिमा रोड्रिगेज की बल्लेबाजी ने लिखी. ऑस्ट्रेलिया द्वारा दिए गए 339 रनों के विशाल लक्ष्य के सामने भारतीय टीम की शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन जेमिमा ने मैदान पर आते ही अपनी लय दिखा दी. उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर ऐसी साझेदारी की, जिसने मैच का पूरा रुख पलट दियाजेमिमा ने न केवल जिम्मेदारी से बल्लेबाजी की बल्कि हर बाउंड्री के साथ दर्शकों में नई ऊर्जा भर दी. उनका शॉट सिलेक्शन, शांत स्वभाव और आत्मविश्वास इस बात का संकेत था कि भारत अब किसी भी परिस्थिति में पीछे हटने वाला नहीं.
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी ने बनाया संतुलन
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह केवल टीम की लीडर नहीं, बल्कि टीम की धड़कन हैं. मुश्किल हालात में उन्होंने जिस तरह संयम और आक्रामकता का संतुलन बनाए रखा, वह देखने लायक था. उनकी फील्ड सेटिंग से लेकर बल्लेबाजी तक हर फैसले में जीत की भूख झलक रही थी.
क्रिकेट फैंस में उमड़ा जोश
इस जीत के बाद सोशल मीडिया पर टीम इंडिया के लिए बधाइयों की बाढ़ आ गई. फैंस ने लिखा — “यह सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट के इतिहास का नया अध्याय है.” भारत के कोने-कोने से लोग जेमिमा और पूरी टीम की तारीफ करते नजर आए. यहां तक कि कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी कहा कि यह मैच आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा.
फाइनल में भारत की नज़र वर्ल्ड कप पर
अब भारत की नज़रें उस ट्रॉफी पर टिकी हैं, जो कई बार हाथ में आते-आते छूट गई. सेमीफाइनल में इस जीत ने खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को आसमान तक पहुंचा दिया है. टीम इंडिया अब फाइनल में उतरते समय सिर्फ एक लक्ष्य लेकर मैदान में जाएगी “इतिहास रचना.”
यह भी पढ़ें: सेमीफाइनल में बारिश बिगाड़ सकती है भारत का खेल! मैच रद्द हुआ तो कौन-सी टीम बनाएगी फाइनल में जगह