IND vs AUS: आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 अपने सबसे रोमांचक और निर्णायक दौर में है. टूर्नामेंट अब नॉकआउट चरण में पहुंच चुका है, जहां सेमीफाइनल मुकाबले खेले जा रहे हैं. पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच गुवाहाटी में खेला गया, जबकि दूसरा मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 30 अक्टूबर को नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा. लेकिन इस मैच पर भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है, जिससे फैंस के मन में सवाल उठ रहे हैं कि अगर मैच नहीं हो पाया तो क्या होगा.
नवी मुंबई में 30 अक्टूबर को भारी बारिश का खतरा
पिछले कुछ दिनों से नवी मुंबई में लगातार बारिश हो रही है. Accuweather.com के अनुसार 30 अक्टूबर को यहां बारिश होने की संभावना लगभग 65 प्रतिशत है. भारतीय समयानुसार सेमीफाइनल दोपहर 3 बजे से शुरू होना था, लेकिन मौसम के हालात मैच को प्रभावित कर सकते हैं. ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि क्या खेल पूरी तरह से हो पाएगा या नहीं.
रिजर्व डे की व्यवस्था
ICC ने इस टूर्नामेंट में नॉकआउट मैचों के लिए रिजर्व-डे की व्यवस्था की है. अगर 30 अक्टूबर को कम से कम 20-20 ओवर का खेल नहीं हो पाता है, तो मैच अगले दिन यानी 31 अक्टूबर को रिजर्व डे पर खेला जाएगा. इस दिन मैच वहीं से शुरू होगा जहां पहले दिन रुका था. हालांकि, 31 अक्टूबर को भी नवी मुंबई में मौसम अनुकूल नहीं रहने की संभावना है और बारिश के 90 प्रतिशत आसार हैं.
रिजर्व डे भी रद्द होने पर क्या होगा?
अगर रिजर्व डे पर भी मैच पूरा नहीं हो पाता है, तो ऑस्ट्रेलिया टीम को फाइनल का टिकट मिलेगा. इसका कारण है कि ऑस्ट्रेलिया लीग स्टेज में भारत से आगे थी. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 7 में से 6 मैच जीतकर लीग चरण पूरा किया था और एक मैच (श्रीलंका के खिलाफ) बारिश की वजह से रद्द हुआ था. वहीं भारतीय टीम ने 3 मैच जीते, 3 हारे और एक मैच का नतीजा नहीं निकला था. अंकतालिका में भारत चौथे स्थान पर रहा, इसलिए मैच रद्द होने पर ऑस्ट्रेलिया सीधे फाइनल में जाएगी.
ये भी पढ़ें: सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीकी कप्तान का धमाका! 169 रनों की पारी से मचाया तहलका, तोड़ डाले कई रिकॉर्ड