तमिलनाडु में 'थलापति' की सत्ता, विजय ने किया सरकार बनाने का दावा, TVK को मिला 121 विधायकों का समर्थन

तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर फैली अनिश्चितता अब दूर होती दिख रही है. टीवीके प्रमुख विजय ने शुक्रवार, 8 मई 2026 को राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया.

Vijay tvk forming government in Tamil Nadu cpi cpm congress
Image Source: Social Media

चेन्नई: तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर फैली अनिश्चितता अब दूर होती दिख रही है. टीवीके प्रमुख विजय ने शुक्रवार, 8 मई 2026 को राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया. सूत्रों के अनुसार, विजय के पास कुल 121 विधायकों का समर्थन है, जबकि 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए केवल 118 विधायकों की आवश्यकता थी.

बहुमत का आंकड़ा और समर्थन

टीवीके प्रमुख विजय की यह तीसरी मुलाकात राज्यपाल से थी. इससे पहले उनके पास सरकार बनाने के लिए आवश्यक विधायकों का समर्थन नहीं था. इस बार विजय ने राज्यपाल को अपने 107 टीवीके विधायकों के अलावा कांग्रेस के 5, सीपीएम के 2, सीपीआई के 2, वीसीके के 2, IUML के 2 और AMMK के 1 विधायक का समर्थन पत्र सौंपा. कुल मिलाकर यह संख्या 121 पहुंचती है, यानी बहुमत से तीन विधायक ज्यादा.

शपथ ग्रहण की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, विजय 9 मई की सुबह 11 बजे जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. यह शपथ समारोह तमिलनाडु में नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत को चिन्हित करेगा.

तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल दोनों वामपंथी दलों सीपीआई और सीपीएम ने कहा कि समर्थन देने का निर्णय बीजेपी को राज्य में पिछले दरवाजे से एंट्री करने से रोकने के लिए लिया गया है. हालांकि, राज्य के अधिकारों के मामले में वे (वाम दल) डीएमके के साथ बने रहेंगे. वाम दलों ने घोषणा की है कि वे टीवीके मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं बनेंगे. सीपीआई और सीपीएम दोनों के दो-दो विधायक हैं. उन्होंने दिनभर की चर्चा के बाद अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी को अपना समर्थन देने की घोषणा की. पांच विधायकों वाली कांग्रेस ने पहले ही टीवीके को समर्थन दे दिया है.

ये भी पढ़ें: BJP सदस्य से डिप्टी CM तक का सफर... कौन हैं अग्निमित्रा पॉल? जो बनेंगी बंगाल की उपमुख्यमंत्री