बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने महज 14 साल की उम्र में कुछ ऐसा कर दिखाया है, जिससे पूरा क्रिकेट जगत चौंक गया है. आईपीएल में उनकी तूफानी बल्लेबाज़ी ने ना सिर्फ रिकॉर्ड्स को तोड़ा बल्कि दिग्गजों के दिलों में भी एक नई उम्मीद जगा दी है.
गुजरात के खिलाफ 35 गेंदों में सबसे तेज़ शतक जड़कर वैभव ने साफ कर दिया कि वह आने वाले समय में टीम इंडिया के प्रमुख चेहरे बन सकते हैं. लेकिन जहां फैंस उन्हें जल्दी भारत की जर्सी में देखने के सपने बुन रहे हैं, वहीं आईसीसी का एक नियम फिलहाल इस राह को थामे हुए है.
क्या है ICC का नियम?
आईसीसी ने 2020 में एक नया नियम लागू किया था जिसके अनुसार, इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए खिलाड़ी की उम्र कम से कम 15 साल होनी चाहिए. चूंकि वैभव फिलहाल 14 साल के हैं और 27 मार्च 2026 को 15 साल के होंगे, इसलिए अभी के लिए वे टीम इंडिया का हिस्सा नहीं बन सकते.
आईसीसी ने इस नियम में एक खास प्रावधान भी रखा है. अगर किसी खिलाड़ी को प्रतिभाशाली माना जाए, तो संबंधित क्रिकेट बोर्ड आईसीसी से विशेष अनुमति मांग सकता है. इसमें मानसिक परिपक्वता, शारीरिक फिटनेस और खेल अनुभव को परखा जाता है. अगर वैभव इन कसौटियों पर खरे उतरते हैं, तो वे 15 साल से पहले भी इंटरनेशनल क्रिकेट खेल सकते हैं. ऐसे में अब ये देखना होगा कि क्या बीसीसीआई वैभव के लिए आईसीसी से मांग करता है या नहीं.
इन खिलाड़ियों ने किया कम उम्र में डेब्यू
पाकिस्तान के हसन रज़ा ने 14 साल 227 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था. भारत के सचिन तेंदुलकर ने 16 साल 205 दिन में टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा था. अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या वैभव इन दिग्गजों के रिकॉर्ड को चुनौती दे पाएंगे.
ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी की धुंआधार पारी देख गदगद हुई सीएम नीतीश, 10 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा