महिलाओं के लिए सुनहरा मौका, यूपी में आंगनबाड़ी के 69,197 पदों पर होगी भर्ती, जानें पूरी जानकारी

UP Anganwadi Recruitment 2025: उत्तर प्रदेश सरकार ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की बड़ी संख्या में भर्ती करने का निर्णय लिया है.

Uttar Pradesh to soon fill 69,197 vacant Anganwadi posts
Image Source: Social Media

UP Anganwadi Recruitment 2025: उत्तर प्रदेश सरकार ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की बड़ी संख्या में भर्ती करने का निर्णय लिया है. प्रदेश के विभिन्न जिलों में 69,197 रिक्त पदों को भरने के लिए प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने जा रही है, जिससे न केवल रोजगार के नए अवसर मिलेंगे बल्कि आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं में भी सुधार होगा.

69,197 पदों पर भर्ती की तैयारी

इस भर्ती में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 7,952 पद और सहायिकाओं के 61,254 पद शामिल हैं. मुख्य सचिव ने विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, त्वरित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिलेवार समिति गठित करने के बाद ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करने पर भी जोर दिया है. प्रत्येक चरण के लिए सख्त समय सीमा निर्धारित करने को भी आवश्यक बताया गया है.

रिक्त पदों की स्थिति और नए केंद्रों का विकास

अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने जानकारी दी कि कुल रिक्त पदों में से 2,123 पद पहले से खाली थे, जबकि शेष पद हाल ही में स्वीकृत 306 नए आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित हैं. इन नए केंद्रों को सक्षम और प्रभावी बनाने के लिए पोषण वाटिका, वर्षा जल संचयन प्रणाली, एलईडी स्क्रीन और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) सामग्री जैसे आवश्यक संसाधन जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे.

प्रशिक्षण से बढ़ेगी कार्यकर्ताओं की दक्षता

मुख्य सचिव ने ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तीन दिवसीय प्रशिक्षण देने पर बल दिया है. यह प्रशिक्षण बच्चों के समग्र विकास और पोषण में कार्यकर्ताओं की भूमिका को और मजबूत बनाएगा. प्रशिक्षण के जरिए सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने और बच्चों के स्वास्थ्य व शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की योजना है.

मानदेय और प्रोत्साहन राशि

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रति माह कुल 8,000 रुपये का मानदेय मिलेगा, जिसमें 6,000 रुपये मानदेय और 2,000 रुपये प्रोत्साहन राशि शामिल है. वहीं, सहायिकाओं को 4,000 रुपये प्रति माह दिया जाएगा, जिसमें 3,000 रुपये मानदेय और 1,000 रुपये प्रोत्साहन राशि शामिल है. यह मानदेय उनकी मेहनत और समर्पण के प्रति सम्मान दर्शाता है.

सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों का लक्ष्य

प्रदेश में कुल 23,697 आंगनबाड़ी केंद्रों को सक्षम केंद्रों में तब्दील करने के व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं. इन केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. यह कदम बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करेगा.

ये भी पढ़ें: दीपावली से पहले योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 28 लाख कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में इज़ाफा