UP NEWS: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने इस दीपावली प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महंगाई भत्ता (DA) 3 फीसदी बढ़ाने का ऐलान किया है, जिससे अब यह 55% से बढ़कर 58% हो गया है. ये नई दरें 1 जुलाई 2025 से लागू मानी जाएंगी. इसका सीधा फायदा 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा.
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया है कि इस फैसले का मकसद जीवन यापन को आसान बनाना और कर्मचारियों की मेहनत को सम्मान देना है. सरकार इस फैसले से मार्च 2026 तक करीब 1,960 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार वहन करेगी.
अक्टूबर से मिलेगा नकद भुगतान
सरकार की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता और राहत की रकम अक्टूबर 2025 से नकद में दी जाए. नवंबर में इसका कुल अतिरिक्त बोझ करीब 795 करोड़ रुपये होगा. जुलाई से सितंबर के एरियर के लिए सरकार 550 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान करेगी. वहीं, दिसंबर 2025 से हर महीने करीब 245 करोड़ रुपये की अतिरिक्त लागत आएगी.
बोनस से भी झूम उठे सरकारी कर्मचारी
महंगाई भत्ते के साथ-साथ योगी सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को बोनस भी देने की घोषणा की है. राज्य के 14.82 लाख अराजपत्रित कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस दिया जाएगा. यह बोनस 30 दिनों की परिलब्धियों के बराबर होगा. हर कर्मचारी को बोनस के रूप में 6,908 रुपये मिलेंगे. मुख्यमंत्री योगी ने इस फैसले को कर्मचारियों की "मेहनत और निष्ठा का सम्मान" बताया है.
कर्मचारियों में खुशी की लहर
योगी सरकार के इस दोहरे तोहफे से सरकारी महकमे में खुशी की लहर है. महंगाई भत्ता बढ़ने से जहां आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं बोनस की रकम त्योहारी खर्चों में सहूलियत देगी. सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों की रक्षा आगे भी प्राथमिकता रहेगी.
यह भी पढ़ें- जेलेंस्की से मुलाकात से पहले ट्रंप-पुतिन में लंबी बातचीत, युद्ध खत्म करने के प्रयास में फिर हो सकती है बैठक