उत्तराखंड में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ताजा मामला देहरादून जिले की कालसी तहसील से जुड़ा है, जहां बैराटखाई–गागंरोऊ मोटर मार्ग पर एक सवारी वाहन खाई में गिर गया. यह हादसा वायाधार के पास हुआ, जिसमें अब तक तीन महिलाओं की मौत हो चुकी है और पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं. हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया.
वायाधार के पास खाई में गिरा वाहन
मिली जानकारी के अनुसार, यूटिलिटी वाहन गागंरोऊ गांव से सवारियों को लेकर विकासनगर जा रहा था. वाहन में चालक समेत करीब आठ लोग सवार थे. जैसे ही वाहन वायाधार के पास पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया. इलाज के दौरान अस्पताल ले जाते समय एक और महिला ने दम तोड़ दिया. इसके बाद एक घायल महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां रास्ते में उसकी भी मौत हो गई. फिलहाल पांच घायलों का इलाज चल रहा है.
हाल के दिनों में बढ़े हादसे
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले हरिपुर–मीनस मोटर मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस भी खाई में गिर गई थी. उस हादसे में भी कई लोगों की जान गई थी और कई घायल हुए थे. लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने पहाड़ी सड़कों की सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढ़ें: ऑनलाइन मुलाकात, भरोसे का खेल और निवेश का झांसा… प्रॉपर्टी डीलर से युवती ने ऐसे ठगे 76.90 लाख