अमेरिका ने भारत को दिया एक और बड़ा झटका, ईरान के चाबहार बंदरगाह पर लगाएगा प्रतिबंध, जानें पूरा मामला

चाबहार बंदरगाह सिर्फ एक व्यापारिक रास्ता नहीं, बल्कि भारत की रणनीतिक सोच का हिस्सा है. पाकिस्तान की सीमाओं से हटकर अफगानिस्तान, मध्य एशिया और रूस तक पहुंचने का भारत का सपना इसी बंदरगाह के सहारे आकार ले रहा था.

US to impose sanctions on Irans Chabahar port
प्रतिकात्मक तस्वीर/ Social Media

जब कोई देश सालों की मेहनत और अरबों की पूंजी लगाकर किसी अंतरराष्ट्रीय परियोजना को आकार देता है, और फिर अचानक एक विदेशी ताकत उसका रास्ता रोक देती है तो यह सिर्फ कूटनीतिक झटका नहीं होता, बल्कि वह देश की संप्रभुता और वैश्विक रणनीति पर सीधा हमला होता है. भारत के लिए ईरान का चाबहार बंदरगाह कुछ ऐसा ही महत्व रखता है, और अब अमेरिका ने उस पर से 2018 में दी गई छूट वापस लेकर बड़ा झटका दिया है.

चाबहार बंदरगाह सिर्फ एक व्यापारिक रास्ता नहीं, बल्कि भारत की रणनीतिक सोच का हिस्सा है. पाकिस्तान की सीमाओं से हटकर अफगानिस्तान, मध्य एशिया और रूस तक पहुंचने का भारत का सपना इसी बंदरगाह के सहारे आकार ले रहा था. लेकिन अब अमेरिका ने उस पर नई पाबंदियों का ऐलान कर भारत की योजना पर बड़ा ब्रेक लगा दिया है.

29 सितंबर 2025 से लागू होने वाली इस अमेरिकी नीति के तहत जो भी व्यक्ति या कंपनी चाबहार बंदरगाह के संचालन में शामिल होगी, उसे अमेरिका के प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा. इसका मतलब यह हुआ कि भारत की इंडिया पोर्ट्स ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड जैसी संस्थाओं पर भी आर्थिक दबाव पड़ सकता है, जो इस बंदरगाह के विकास और संचालन में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं.

भारत-अमेरिका संबंधों में फिर आई दरार?

भारत और अमेरिका के रिश्ते बीते कुछ वर्षों में व्यापार और रणनीति के मोर्चे पर कई बार डगमगाए हैं. कभी टैरिफ विवाद, कभी रक्षा समझौतों में मतभेद, और अब यह चाबहार का मसला. अमेरिका का यह ताजा फैसला ऐसे समय आया है जब भारत को ऊर्जा, व्यापार और सुरक्षा के क्षेत्र में स्वतंत्रता की सबसे ज्यादा जरूरत है.

हाल ही में अमेरिका ने भारत पर 50% तक का टैरिफ लगाकर एक और दबाव बनाया था, और अब चाबहार जैसे संवेदनशील प्रोजेक्ट पर यह फैसला वॉशिंगटन की ‘एकतरफा विदेश नीति’ की पुष्टि करता है. इससे यह संकेत मिलता है कि भारत को अपनी रणनीतिक परियोजनाओं के लिए अब खुद पर और अधिक भरोसा करना होगा.

चाबहार क्यों है भारत के लिए बेहद अहम?

चाबहार बंदरगाह कोई आम बंदरगाह नहीं है. यह ईरान के दक्षिण-पूर्वी तट पर स्थित एक गहरे पानी का बंदरगाह है, जो ओमान की खाड़ी से होकर भारत, अफगानिस्तान, मध्य एशिया और रूस तक व्यापारिक गलियारे का निर्माण करता है. इसे भारत अंतर्राष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे (INSTC) के तहत विकसित कर रहा है, जिसका उद्देश्य है पाकिस्तान को बाईपास करते हुए एक वैकल्पिक व्यापारिक रास्ता बनाना.

यह बंदरगाह पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह के बहुत करीब है, जिसे चीन विकसित कर रहा है. ऐसे में चाबहार भारत के लिए रणनीतिक रूप से एक जवाब था, जो अब अमेरिका की सख्ती के कारण अधर में लटकता दिख रहा है. चाबहार के ज़रिए भारत न केवल अफगानिस्तान को मानवीय सहायता पहुंचाता है, बल्कि उसे मध्य एशिया तक बिना पाकिस्तान के रास्ते के पहुंचने की सुविधा भी मिलती है.

क्या है अमेरिका की नाराज़गी की असली वजह?

अमेरिका की चाबहार पर कार्रवाई केवल भारत को नहीं, बल्कि ईरान को निशाना बनाने की रणनीति का हिस्सा है. ट्रंप प्रशासन की 'मैक्सिमम प्रेशर पॉलिसी' के तहत अमेरिका ईरान को आर्थिक और राजनीतिक रूप से पूरी तरह अलग-थलग करना चाहता है. अमेरिका का आरोप है कि ईरान अपनी तेल बिक्री से मिले पैसे का इस्तेमाल इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स और उसके आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने में कर रहा है, जो अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए खतरा हैं.

अमेरिका ने हांगकांग और UAE की कुछ कंपनियों और व्यक्तियों पर भी कार्रवाई की है, जो कथित रूप से ईरानी तेल की बिक्री में शामिल रहे हैं. इसका मतलब साफ है- जो भी ईरान की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा, अमेरिका उसके खिलाफ कार्रवाई करेगा, भले ही वह भारत ही क्यों न हो.

क्या भारत करेगा अमेरिका का विरोध?

भारत ने अब तक इस मुद्दे पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन यह साफ है कि भारत के लिए यह स्थिति चिंता की बात है. भारत चाबहार में अरबों रुपये का निवेश कर चुका है, और वहां से अफगानिस्तान तक रेलवे लाइन बिछाने की योजना भी काफी हद तक तैयार हो चुकी है.

यदि भारत अमेरिका की इस चेतावनी के बाद पीछे हटता है, तो उसकी अंतरराष्ट्रीय विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होंगे. और अगर वह डटा रहता है, तो अमेरिका के साथ रिश्तों में खटास और बढ़ सकती है. दोनों ही विकल्प भारत के लिए आसान नहीं हैं.

भारत पहले भी कह चुका है कि वह अपनी ऊर्जा जरूरतों और रणनीतिक हितों के लिए स्वतंत्र रूप से फैसले लेगा. अब देखना यह होगा कि भारत इस बार भी उसी नीति पर कायम रहता है या अमेरिका के दबाव में कुछ नर्मी दिखाता है.

ये भी पढ़ें- रूस-बेलारूस युद्धाभ्यास Zapad में भारत की एंट्री, NATO और अमेरिका की बढ़ी टेंशन, क्या होगा इसका असर?