बीजिंग: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान या चुनावी रैली नहीं, बल्कि चीन में आयोजित एक राजकीय भोज का वीडियो है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में ट्रंप को सार्वजनिक तौर पर शराब का घूंट लेते हुए देखा जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि करीब 45 साल बाद पहली बार ट्रंप ने किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शराब पी है.
वीडियो चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग द्वारा आयोजित एक राजकीय भोज का बताया जा रहा है. समारोह के दौरान ट्रंप और जिनपिंग एक ही टेबल पर बैठे नजर आए. इसी दौरान ट्रंप ने अपने सामने रखे गिलास से एक घूंट लिया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
भाई की मौत के बाद ट्रंप ने छोड़ दी थी शराब
डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से खुद को शराब और सिगरेट से दूर रखने वाला नेता बताते रहे हैं. उन्होंने कई इंटरव्यू और सार्वजनिक कार्यक्रमों में कहा था कि उन्होंने कभी शराब नहीं पी.
ट्रंप के इस फैसले के पीछे उनके बड़े भाई फ्रेड ट्रंप जूनियर की मौत को बड़ा कारण माना जाता है. फ्रेड ट्रंप जूनियर की 1981 में शराब से जुड़ी समस्याओं के कारण मौत हो गई थी. इसके बाद ट्रंप ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि वह शराब से दूर रहेंगे.
इसी वजह से ट्रंप को आमतौर पर राजकीय भोजों, डिनर कार्यक्रमों और अंतरराष्ट्रीय समारोहों में शराब पीते नहीं देखा गया. कई मौकों पर उनके सामने शराब परोसी गई, लेकिन उन्होंने उसे हाथ तक नहीं लगाया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
व्हाइट हाउस कवर करने वाले डेली मेल के रिपोर्टर जॉन माइकल ने ट्रंप का यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया. रिपोर्टर ने इसे “दुर्लभ दृश्य” बताया क्योंकि ट्रंप को सार्वजनिक रूप से शराब पीते हुए शायद ही कभी देखा गया हो.
Trump, who does not drink because his older brother died of a drinking problem, takes a sip and toasts President Xi Jinping in a sign of respect pic.twitter.com/NiLl1n9keP
— Jon Michael Raasch (@JMRaasch) May 14, 2026
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ लोगों ने इसे चीन के सम्मान में निभाई गई औपचारिकता बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने इसे ट्रंप की पुरानी प्रतिज्ञा टूटने के रूप में देखा.
चीन में राजकीय भोज और शराब की पुरानी परंपरा
चीन में राजकीय भोजों के दौरान शराब परोसने की परंपरा काफी पुरानी मानी जाती है. ऐतिहासिक रिकॉर्ड में झोउ, शांग, हान और तांग राजवंशों के समय से राजकीय समारोहों में शराब परोसने का उल्लेख मिलता है.
1949 में पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की स्थापना के बाद आयोजित पहले बड़े सरकारी समारोह में भी शराब परोसी गई थी. चीन में इसे मेहमानों के सम्मान, मित्रता और अपनापन दिखाने का प्रतीक माना जाता है.
राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी अपने आधिकारिक भोज कार्यक्रमों में विदेशी मेहमानों के लिए शराब परोसने की परंपरा जारी रखते हैं. इससे पहले 2017 में जब ट्रंप चीन दौरे पर गए थे, तब भी उनके सम्मान में आयोजित भोज में शराब परोसी गई थी, लेकिन उस समय उन्होंने उसे नहीं पिया था.
राजकीय भोज में परोसे गए खास व्यंजन
रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप के सम्मान में आयोजित इस विशेष राजकीय भोज का मेन्यू हुजियांग शैली के व्यंजनों पर आधारित था. मेहमानों के लिए कई पारंपरिक और आधुनिक चीनी डिश तैयार की गई थीं.
मेन्यू में टमाटर सूप के साथ लॉबस्टर, क्रिस्पी बीफ रिब्स, बीजिंग रोस्ट डक, मौसमी सब्जियों का स्टू, सरसों की चटनी में धीमी आंच पर पकाया गया सैल्मन, पैन-फ्राइड पोर्क बन और ट्रम्पेट शेल के आकार की पेस्ट्री शामिल थीं. इसके अलावा डेजर्ट में तिरामिसू, फलों और आइसक्रीम भी परोसी गई.
जिनपिंग और ट्रंप एक ही टेबल पर बैठे
राजकीय भोज के दौरान डोनाल्ड ट्रंप के बगल में राष्ट्रपति शी जिनपिंग बैठे थे. दोनों देशों के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उसी टेबल पर मौजूद थे. वहीं उद्योगपतियों, सलाहकारों और अन्य प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग टेबल की व्यवस्था की गई थी.
इस भोज को अमेरिका और चीन के बीच कूटनीतिक रिश्तों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है. हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा ट्रंप के उस एक घूंट की हो रही है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है.
ये भी पढ़ें- लाल किला ब्लास्ट मामले में 7500 पेज की चार्जशीट, 8 आतंकियों में 5 डॉक्टर, जांच में NIA को क्या-क्या मिला?