डेल्टा एयरलाइंस का कंप्यूटर सिस्टम ठप, फिर थम गईं उड़ानें... क्या अमेरिका में फिर हुआ साइबर अटैक?

अमेरिका में डेल्टा एयरलाइंस की तकनीकी खराबी ने हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी. एयरलाइन का एक जरूरी कंप्यूटर सिस्टम अचानक काम करना बंद कर गया, जिसके कारण अमेरिका के कई बड़े एयरपोर्ट पर करीब 3,500 उड़ानों में देरी हुई.

US Delta Air Lines computer system outage flights delays cyberattack
Image Source: Social Media

US Flight Delayed: अमेरिका में डेल्टा एयरलाइंस की तकनीकी खराबी ने हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी. एयरलाइन का एक जरूरी कंप्यूटर सिस्टम अचानक काम करना बंद कर गया, जिसके कारण अमेरिका के कई बड़े एयरपोर्ट पर करीब 3,500 उड़ानों में देरी हुई. हालात ऐसे हो गए कि विमानों को उड़ान भरने से पहले जरूरी गणना कंप्यूटर के बजाय कर्मचारियों को हाथ से करनी पड़ी. हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस घटना के पीछे साइबर अटैक की बात सामने नहीं आई है.

दरअसल, डेल्टा एयरलाइंस के उस सिस्टम में खराबी आई थी, जो विमान का वजन और संतुलन तय करता है. इस सिस्टम की मदद से पता लगाया जाता है कि विमान में यात्रियों, उनके सामान, ईंधन और दूसरे माल का कुल वजन कितना है. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाता है कि विमान में वजन सही तरीके से बंटा हुआ है या नहीं. उड़ान से पहले यह जानकारी बेहद जरूरी होती है.

इससे पहले 13 नवंबर को अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के सिस्टम में भी तकनीकी खराबी आई थी. इसके कारण पूरे अमेरिका में करीब पांच घंटे तक उड़ानों पर असर पड़ा और 18 हजार से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुई थीं. हालांकि, उस घटना और डेल्टा एयरलाइंस के सिस्टम में आई खराबी को भी साइबर अटैक से जुड़ा नहीं बताया गया है.

अटलांटा एयरपोर्ट पर एक घंटे तक रुकी उड़ानें

डेल्टा एयरलाइंस के कंप्यूटर सिस्टम में खराबी का असर अमेरिका के कई बड़े एयरपोर्ट पर देखने को मिला. इनमें अटलांटा का हार्ट्सफील्ड-जैक्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट और न्यूयॉर्क का लागार्डिया एयरपोर्ट भी शामिल हैं.

अमेरिकी FAA ने अटलांटा आने वाली उड़ानों को करीब एक घंटे तक रोक दिया था. इस दौरान विमानों को न तो उड़ान भरने की अनुमति थी और न ही अटलांटा पहुंचने की. बाद में यह रोक हटा दी गई, लेकिन सिस्टम की खराबी के कारण उड़ानों में देरी होती रही.

डेल्टा एयरलाइंस ने बताया कि सिस्टम ठीक होने तक उसके कर्मचारी हाथ से ही विमानों के वजन और संतुलन की गणना कर रहे थे. कंपनी की तकनीकी टीम खराबी को दूर करने में जुटी थी. बाद में एयरलाइन ने जानकारी दी कि कंप्यूटर सिस्टम फिर से काम करने लगा है.

रविवार को 5 हजार उड़ानों का था शेड्यूल

डेल्टा एयरलाइंस के मुताबिक, रविवार को उसकी और डेल्टा कनेक्शन की करीब 5,000 उड़ानें तय थीं. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के आंकड़ों के अनुसार, उड़ानों में देरी और रद्द होने की करीब 70 फीसदी घटनाएं इसी तकनीकी खराबी से जुड़ी थीं.

हालांकि, कुछ दूसरी उड़ानें खराब मौसम और न्यूयॉर्क समेत अमेरिका के पूर्वोत्तर इलाकों में हवाई यातायात की समस्याओं के कारण भी प्रभावित हुईं.

एयरलाइन ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी. प्रभावित यात्रियों को अगली उपलब्ध उड़ानों में जगह देने की व्यवस्था की गई. जरूरत पड़ने पर यात्रियों को खाने और होटल की सुविधा भी दी गई. वहीं, जिन लोगों की उड़ान रद्द हो गई और वे आगे यात्रा नहीं करना चाहते थे, उन्हें टिकट का पैसा वापस लेने का विकल्प दिया गया.

FAA ने साइबर अटैक को लेकर क्या कहा?

अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने स्पष्ट किया कि तकनीकी खराबी केवल डेल्टा एयरलाइंस के कंप्यूटर सिस्टम में आई थी. इसका हवाई यातायात को नियंत्रित करने वाले सरकारी सिस्टम से कोई संबंध नहीं था.

अटलांटा एयरपोर्ट प्रशासन ने भी बताया कि इस समस्या का असर सिर्फ डेल्टा एयरलाइंस की उड़ानों पर पड़ा था. एयरपोर्ट का बाकी काम सामान्य रूप से चलता रहा. ऐसे में फिलहाल इस घटना को साइबर अटैक के बजाय एयरलाइन के सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के तौर पर देखा जा रहा है.

येे भी पढ़ें- 'एक इंच भी जमीन नहीं देंगे', शहबाज-मुनीर के खिलाफ सिंध में बगावत! सड़कों पर उतरे हजारों लोग