'एक इंच भी जमीन नहीं देंगे', शहबाज-मुनीर के खिलाफ सिंध में बगावत! सड़कों पर उतरे हजारों लोग

पाकिस्तान में सिंध प्रांत को दो हिस्सों में बांटकर नया प्रांत बनाने की चर्चा ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. इस योजना के विरोध में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए हैं. कराची समेत सिंध के कई इलाकों में बड़े स्तर पर प्रदर्शन हुए.

Pakistan rebellion in Sindh against Shehbaz and Munir New Provinces Plan
Image Source: Social Media

पाकिस्तान में सिंध प्रांत को दो हिस्सों में बांटकर नया प्रांत बनाने की चर्चा ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. इस योजना के विरोध में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए हैं. कराची समेत सिंध के कई इलाकों में बड़े स्तर पर प्रदर्शन हुए. प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि वे सिंध की जमीन और उसकी पहचान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं करेंगे. लोगों ने 'सिंध की एक इंच जमीन भी नहीं देंगे' और 'सिंध का बंटवारा नहीं होगा' जैसे नारे लगाए.

इस विरोध प्रदर्शन में सिंधी राष्ट्रवादी पार्टियों और कई राजनीतिक संगठनों ने हिस्सा लिया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पाकिस्तान की सेना इस योजना के पीछे है और राजनीतिक दबाव बनाकर सिंध की सीमाओं को बदलने की कोशिश की जा रही है. उनका कहना है कि सिंध की पुरानी पहचान और सीमाओं के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

सेना पर लगाए गंभीर आरोप, सरकार को दी चेतावनी

प्रदर्शन में शामिल सिंधी राष्ट्रवादी नेताओं ने पाकिस्तान के सैन्य प्रतिष्ठान पर निशाना साधा. उनका आरोप है कि नए प्रशासनिक क्षेत्र बनाने के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है. नेताओं ने इस्लामाबाद और सुरक्षा अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर सिंध को बांटने की कोशिश की गई तो पूरे प्रांत में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा.

इन प्रदर्शनों की खास बात यह रही कि सिंध के अलग-अलग राष्ट्रवादी संगठन अपने मतभेद भुलाकर एक साथ आए. नेताओं ने कहा कि विरोध को रोकने के लिए चाहे कितना भी दबाव बनाया जाए, उनका आंदोलन जारी रहेगा. फिलहाल पाकिस्तान की केंद्र सरकार और सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) की ओर से इन आरोपों पर कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई है.

क्या है सिंध को दो हिस्सों में बांटने का प्लान?

जिस योजना को लेकर इतना विरोध हो रहा है, उसके तहत सिंध को दो अलग-अलग प्रांतों में बांटने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि कराची और दूसरे शहरी इलाकों को मिलाकर एक नया प्रांत बनाया जा सकता है. वहीं, ग्रामीण और अंदरूनी सिंध को अलग प्रशासनिक क्षेत्र के रूप में रखा जा सकता है.

यह चर्चा पाकिस्तान के चार मौजूदा प्रांतों को बांटकर 12 से 15 छोटे प्रशासनिक हिस्से बनाने की बड़ी योजना से भी जुड़ी है. हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर इस्लामाबाद की ओर से अब तक कोई आधिकारिक विधेयक या नया नक्शा जारी नहीं किया गया है. इसके बावजूद इस मुद्दे ने पाकिस्तान की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है.

छोटे प्रांत बनाने के पीछे क्या है सरकार का तर्क?

छोटे प्रांत बनाने के समर्थकों का कहना है कि पाकिस्तान की आबादी 24 करोड़ से ज्यादा हो चुकी है. ऐसे में चार बड़े प्रांतों के जरिए पूरे देश का प्रशासन चलाना मुश्किल होता जा रहा है. उनका मानना है कि छोटे प्रांत बनने से सरकारी कामकाज आसान होगा और लोगों तक जरूरी सुविधाएं बेहतर तरीके से पहुंचाई जा सकेंगी.

हालांकि, सिंधी राष्ट्रवादी नेता इस दलील से सहमत नहीं हैं. उनका आरोप है कि इस योजना का मकसद केवल प्रशासन को बेहतर बनाना नहीं, बल्कि सिंध की क्षेत्रीय राजनीतिक ताकत को कमजोर करना है. नेताओं का दावा है कि इसके जरिए पाकिस्तान की सेना सिंध में मजबूत पकड़ रखने वाली पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के प्रभाव को कम करना चाहती है. इसी वजह से सिंध को बांटने की चर्चा के खिलाफ विरोध लगातार तेज हो रहा है.