डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में कुछ इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों से टैरिफ (आयात शुल्क) हटाने का फैसला किया था. लेकिन अब अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने साफ कर दिया है कि यह राहत हमेशा के लिए नहीं है. रविवार (13 अप्रैल, 2025) को एबीसी न्यूज़ के कार्यक्रम ‘दिस वीक’ में उन्होंने बताया कि इन सभी सामानों पर जल्दी ही ‘सेमीकंडक्टर टैरिफ’ लगाया जाएगा. उन्होंने कहा, “अगले एक या दो महीनों में यह नया नियम लागू कर दिया जाएगा क्योंकि ये सभी इलेक्ट्रॉनिक सामान सेमीकंडक्टर से जुड़े हैं.”
अमेरिका अब ‘साउथ एशिया’ पर नहीं रहेगा निर्भर
हॉवर्ड लुटनिक ने कहा कि अमेरिका को सेमीकंडक्टर्स, चिप्स और फ्लैट पैनल्स की जरूरत है और अब ये सब सामान देश में ही बनाए जाएंगे. उन्होंने कहा, “हम इन जरूरी तकनीकी उत्पादों के लिए साउथ एशिया जैसे क्षेत्रों पर निर्भर नहीं रह सकते.”
देश की सुरक्षा से जुड़ा मामला
लुटनिक ने स्पष्ट किया कि इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों पर जो छूट दी गई है, वह सिर्फ अस्थायी राहत है. उन्होंने कहा, “हम इन जरूरी चीजों को लेकर किसी और देश से कोई सौदा नहीं करेंगे, क्योंकि ये हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी हुई हैं. अमेरिका को इन उत्पादों का निर्माण खुद करना होगा.”
यह भी पढ़े: म्यांमार में भारतीय वायुसेना पर हुआ साइबर अटैक, कौन है इसके पीछे?
चीन ने जताई नाराज़गी
इस बीच चीन ने अमेरिका के इस कदम की आलोचना करते हुए कहा है कि अमेरिका को ‘रिसिप्रोकल टैरिफ’ (आपसी टैरिफ) को पूरी तरह खत्म कर अपनी गलती सुधारनी चाहिए. चीन ने इलेक्ट्रॉनिक सामानों पर दी गई छूट को बहुत छोटा कदम बताया है. लुटनिक ने कहा कि एशियाई देश अमेरिका के इस फैसले से होने वाले प्रभाव का मूल्यांकन कर रहे हैं और इसका असर आने वाले समय में साफ दिखाई देगा.