यूपी में गन्ना पर्यवेक्षक के 1182 पदों पर वैकेंसी, ₹81,100 तक मिलेगी सैलरी, जानें पूरी जानकारी

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने गन्ना पर्यवेक्षक (Sugarcane Supervisor) के 1182 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है.

upsssc-sugarcane-supervisor-recruitment-1182-posts-apply-online-2026
Image Source: Social Media

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने गन्ना पर्यवेक्षक (Sugarcane Supervisor) के 1182 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस भर्ती के जरिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन PET 2025 के स्कोर और मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 28 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.

इतने पदों पर होगी भर्ती

UPSSSC द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1182 गन्ना पर्यवेक्षक पदों को भरा जाएगा. आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करना अनिवार्य होगा.

आयु सीमा क्या निर्धारित की गई है?

भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है. आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अन्य आरक्षित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी.

आवेदन के लिए जरूरी योग्यता

इस पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बीएससी (कृषि) की डिग्री होना अनिवार्य है. इसके साथ ही DOEACC या NIELIT का CCC कंप्यूटर प्रमाणपत्र भी आवश्यक है. अभ्यर्थी का PET 2025 परीक्षा में शामिल होना भी जरूरी है, क्योंकि उसी के स्कोर के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा.

चयन प्रक्रिया कैसे होगी?

चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी. सबसे पहले PET 2025 के अंकों के आधार पर उम्मीदवारों को मुख्य लिखित परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी और उसी के अनुसार नियुक्तियां की जाएंगी.

मुख्य परीक्षा का पैटर्न

मुख्य लिखित परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी. उम्मीदवारों के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी.

कितना मिलेगा वेतन?

इस भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों को सातवें वेतन आयोग के तहत लेवल-4 का वेतनमान मिलेगा. शुरुआती वेतन 25,500 रुपये प्रति माह होगा, जो अधिकतम 81,100 रुपये प्रति माह तक जा सकता है. इसके अलावा नियमानुसार महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और अन्य सरकारी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी.

आवेदन शुल्क

इस भर्ती की खास बात यह है कि सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क केवल 25 रुपये निर्धारित किया गया है. सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी और एसटी सहित सभी अभ्यर्थियों को समान शुल्क का भुगतान करना होगा.

कब तक करें आवेदन?

इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 28 जुलाई 2026 तक UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. अंतिम समय में वेबसाइट पर तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करना बेहतर रहेगा.

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

स्टेप 1: सबसे पहले UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाएं.

स्टेप 2: होमपेज पर गन्ना पर्यवेक्षक भर्ती का लिंक खोलें.

स्टेप 3: अपने PET 2025 रजिस्ट्रेशन नंबर से लॉगइन करें.

स्टेप 4: अब अपनी सभी जरूरी जानकारी और CCC सर्टिफिकेट की जानकारी भरें.

स्टेप 5: जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करें.

स्टेप 6: अंत में फॉर्म सबमिट करें और  उसका प्रिंटआउट अपने पास सुरक्षित रख लें.

ये भी पढ़ें: ग्रेजुएट युवाओं के लिए बैंक में नौकरी पाने का सुनहरा मौका, IOB में 750 अप्रेंटिस पदों पर निकली भर्ती