India Heavy Rain: मानसून अब राहत से ज्यादा मुसीबत बनता नजर आ रहा है. देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, केरल और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बाढ़, भूस्खलन, इमारत गिरने और आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कई जगहों पर जान-माल का नुकसान हुआ है, जबकि मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.
नदी में बह गए हजारों एलपीजी सिलेंडर
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से सामने आई तस्वीरों ने सभी को चौंका दिया. भारी बारिश के बीच एचपीसीएल के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट की दीवार ढह गई, जिसके बाद बाढ़ का पानी प्लांट में घुस गया. इसके चलते करीब तीन हजार एलपीजी सिलेंडर पातालगंगा नदी और खारपाड़ा क्रीक में बह गए. वहीं पिंपरी-चिंचवड़ में कचरे का बड़ा ढेर तीन मंजिला इमारत पर गिरने से भवन ढह गया, जिसमें कई लोगों के फंसे होने की आशंका है. नासिक में गोदावरी नदी उफान पर है, जबकि मुंबई में लगातार बारिश से लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं.

मध्य प्रदेश में तेज बहाव बना जानलेवा
मध्य प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश से नदियां और नाले उफान पर हैं. दमोह में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई, जबकि खरगोन जिले में रूपारेल नदी के तेज बहाव में एक युवक बह गया. प्रशासन ने लोगों से नदी और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है.
उत्तराखंड में भूस्खलन से हाईवे प्रभावित
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में बारिश के कारण लगातार भूस्खलन हो रहा है. उत्तरकाशी में नालूपानी और यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर पहाड़ दरकने से आवाजाही प्रभावित हुई. टिहरी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए के किनारे भूस्खलन की चपेट में आने से एक मकान भी ढह गया. कई इलाकों में सड़क संपर्क बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
गुजरात में बाढ़ जैसे हालात
सूरत में लगातार बारिश के कारण कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं. घरों, दुकानों और व्यावसायिक परिसरों में पानी घुसने से सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया. प्रशासन ने हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. पिछले 24 घंटों के दौरान बाढ़ से जुड़े हादसों में कम से कम 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें अधिकांश की जान डूबने से गई.

केरल में भूस्खलन से बढ़ा संकट
केरल के वायनाड जिले में सुरंग निर्माण परियोजना के पास हुए भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है. राहत एवं बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं. लगातार हो रही बारिश के कारण बचाव अभियान भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है.

उत्तर प्रदेश में वज्रपात बना जानलेवा
उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं. देवरिया, पीलीभीत और इटावा में वज्रपात की चपेट में आने से तीन किसानों की मौत हो गई. वहीं आगरा, बदायूं और मथुरा में बारिश के कारण मकान और दुकान ढहने से कई लोग घायल हुए हैं.
दिल्ली में इमारत गिरने से चार लोगों की मौत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में बुधवार शाम एक नवनिर्मित पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटा रहा. लगातार हो रही बारिश के बीच राजधानी में कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी हुई है.

17 राज्यों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत 17 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है. दिल्ली में अगले कुछ घंटों के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है. प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.
ये भी पढ़ें: घर से निकलने से पहले जान लें मौसम का हाल! IMD ने जारी किया रेड-ऑरेंज अलर्ट, इन राज्यों में बरसेंगे बादल