यूपी के युवाओं के लिए खुशखबरी, PCS 2026 भर्ती का ऐलान; जानें योग्यता और आवेदन तिथि

UPPSC PCS Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देख रहे युवाओं का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने पीसीएस 2026 भर्ती का बहुप्रतीक्षित नोटिफिकेशन जारी कर दिया है.

uppsc-pcs-2026-notification-out-500-posts-applications-open
Image Source: Magnific

UPPSC PCS Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देख रहे युवाओं का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने पीसीएस 2026 भर्ती का बहुप्रतीक्षित नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है. हर साल लाखों अभ्यर्थी इस प्रतिष्ठित परीक्षा में शामिल होते हैं और इस बार भी बड़ी संख्या में उम्मीदवार आवेदन करने की तैयारी में जुट गए हैं. आयोग ने फिलहाल करीब 500 पदों पर भर्ती की घोषणा की है, हालांकि भविष्य में रिक्तियों की संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई गई है.

27 जुलाई तक भर सकेंगे आवेदन फॉर्म

आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 27 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी. वहीं जिन उम्मीदवारों से आवेदन के दौरान कोई गलती हो जाती है या उन्हें शुल्क से संबंधित किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है, उनके लिए सुधार का अवसर भी दिया गया है. ऐसे अभ्यर्थी 3 अगस्त 2026 तक आवश्यक संशोधन कर सकेंगे. भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए आयोग ने उम्मीदवारों को समय सीमा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है.

आवेदन से पहले OTR नंबर अनिवार्य

इस बार आयोग ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR को आवेदन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है. आयोग के अनुसार बिना OTR नंबर के कोई भी उम्मीदवार आवेदन पत्र जमा नहीं कर पाएगा. ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उन्हें सबसे पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि OTR के लिए आवेदन करने के बाद सिस्टम में जानकारी अपडेट होने में कुछ समय लग सकता है. इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय कम से कम 72 घंटे पहले OTR प्रक्रिया पूरी कर लें.

क्या है वन टाइम रजिस्ट्रेशन सिस्टम?

वन टाइम रजिस्ट्रेशन एक ऐसी व्यवस्था है जिसके तहत उम्मीदवार को अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी केवल एक बार आयोग के पोर्टल पर दर्ज करनी होती है. इसके बाद भविष्य में आयोग की अन्य भर्तियों के लिए आवेदन करते समय बार-बार वही जानकारी भरने की जरूरत नहीं पड़ती. इस व्यवस्था से आवेदन प्रक्रिया अधिक आसान और तेज हो जाती है. साथ ही उम्मीदवारों द्वारा की जाने वाली सामान्य त्रुटियों की संभावना भी काफी हद तक कम हो जाती है.

तीन चरणों में होगी चयन प्रक्रिया

UPPSC PCS 2026 परीक्षा का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा. सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा यानी प्रीलिम्स आयोजित होगी. यह स्क्रीनिंग टेस्ट होगा, जिसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा.

मुख्य परीक्षा लिखित स्वरूप में आयोजित की जाएगी. इसमें सामान्य हिंदी का 150 अंकों का पेपर, 150 अंकों का निबंध और सामान्य अध्ययन के छह प्रश्नपत्र शामिल होंगे. प्रत्येक सामान्य अध्ययन पेपर 200 अंकों का होगा. मुख्य परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवारों को अंतिम चरण यानी साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा. इंटरव्यू 100 अंकों का होगा और अंतिम चयन मुख्य परीक्षा तथा साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा.

आवेदन शुल्क कितना देना होगा?

आयोग ने विभिन्न श्रेणियों के लिए अलग-अलग आवेदन शुल्क निर्धारित किया है. सामान्य, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को 125 रुपये शुल्क जमा करना होगा. वहीं अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और पूर्व सैनिक वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 65 रुपये तय किया गया है. दिव्यांग उम्मीदवारों को विशेष राहत देते हुए केवल 25 रुपये आवेदन शुल्क रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सके.

बढ़ सकती है रिक्तियों की संख्या

हालांकि आयोग ने फिलहाल लगभग 500 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है, लेकिन संकेत दिए गए हैं कि विभागों से अतिरिक्त रिक्तियों का प्रस्ताव मिलने पर पदों की संख्या बढ़ाई जा सकती है. ऐसे में यह भर्ती आने वाले समय में और भी बड़ी बन सकती है.

ऐसे करें UPPSC PCS 2026 के लिए आवेदन

  • स्टेप 1: आवेदन करने के लिए सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाएं.
  • स्टेप 2: OTR पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
  • स्टेप 3: OTR नंबर मिलने के बाद लॉगिन करें.
  • स्टेप 4: PCS 2026 आवेदन लिंक पर क्लिक करें.
  • स्टेप 5: सभी जरूरी जानकारी भरें और डॉक्युमेंट अपलोड करें.
  • स्टेप 6: अंत मे डीटेल्स चेक करने के बाद फॉर्म सबमिट कर दे और भविष्य के लिए आवेदन की कॉपी डाउनलोड करके सुरक्षित रखें.

ये भी पढ़ें: यूपी में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका; 170 पदों पर निकली वैकेंसी, जानें कौन कर सकता है अप्लाई