अब पासपोर्ट बनवाने के लिए जेब करनी होगी ढीली, फीस में हुई बढ़ोतरी, जानें कब से लागू होंगी नई दरें

Passport Fee Hike: विदेश घूमने का सपना देखने वालों और नए पासपोर्ट के लिए आवेदन करने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए एक अहम अपडेट सामने आई है. केंद्र सरकार ने पासपोर्ट और अन्य यात्रा दस्तावेजों की फीस में बढ़ोतरी का फैसला किया है.

passport-fees-increased-new-rates-effective-from-july-2026
Image Source: Social Media

Passport Fee Hike: विदेश घूमने का सपना देखने वालों और नए पासपोर्ट के लिए आवेदन करने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए एक अहम अपडेट सामने आई है. केंद्र सरकार ने पासपोर्ट और अन्य यात्रा दस्तावेजों की फीस में बढ़ोतरी का फैसला किया है. नए नियमों के तहत 1 जुलाई 2026 से पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को पहले की तुलना में ज्यादा रकम खर्च करनी होगी. सरकार का कहना है कि संशोधित शुल्क व्यवस्था Passport Rules, 1980 में किए गए बदलावों के बाद लागू की जा रही है.

सामान्य पासपोर्ट के लिए अब देनी होगी ज्यादा फीस

सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 36 पन्नों वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है. पहले जहां नया पासपोर्ट बनवाने या उसके नवीनीकरण के लिए 1,500 रुपये का शुल्क देना पड़ता था, वहीं अब यह बढ़कर 2,500 रुपये हो गया है. यानी एक आवेदक को अब पहले से 1,000 रुपये अधिक खर्च करने होंगे. यह नई दरें उन सभी लोगों पर लागू होंगी जो 1 जुलाई 2026 या उसके बाद पासपोर्ट के लिए आवेदन करेंगे.

तत्काल सेवा लेने वालों पर बढ़ेगा अतिरिक्त बोझ

जिन लोगों को जल्दी पासपोर्ट की आवश्यकता होती है और वे तत्काल सेवा का विकल्प चुनते हैं, उन्हें भी अब अधिक शुल्क चुकाना होगा. पहले तत्काल श्रेणी में 36 पन्नों वाले पासपोर्ट के लिए 3,500 रुपये देने पड़ते थे, लेकिन अब यह राशि बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दी गई है. इस बदलाव के बाद तत्काल सेवा लेने वाले आवेदकों को 1,500 रुपये अतिरिक्त भुगतान करना होगा. ऐसे में आपातकालीन यात्रा की योजना बनाने वालों की जेब पर इसका सीधा असर पड़ सकता है.

वयस्क (18 वर्ष और उससे अधिक) / 15-18 वर्ष (यदि इसी श्रेणी में आवेदन)
36 पेज का नया पासपोर्ट / री-इश्यू

सामान्य शुल्क: ₹2,500

तत्काल: ₹5,000

60 पेज का नया पासपोर्ट / री-इश्यू
सामान्य शुल्क: ₹3,500

तत्काल: ₹6,000

36 पेज का खोया/क्षतिग्रस्त पासपोर्ट दोबारा जारी
सामान्य शुल्क: ₹5,000

तत्काल: ₹7,500

60 पेज का खोया/क्षतिग्रस्त पासपोर्ट दोबारा जारी
सामान्य शुल्क: ₹6,000

तत्काल: ₹8,500

नाबालिग (18 वर्ष से कम)

36 पेज का नया पासपोर्ट / री-इश्यू
सामान्य शुल्क: ₹1,750

तत्काल: ₹4,250

36 पेज का खोया/क्षतिग्रस्त पासपोर्ट दोबारा जारी
सामान्य शुल्क: ₹4,250

तत्काल: ₹6,750

अन्य दस्तावेज

Certificate of Identity शुल्क: ₹1,000

Police Clearance Certificate (PCC), Surrender Certificate, Global Entry Program Verification और अन्य पासपोर्ट आधारित प्रमाणपत्र शुल्क: ₹750

विदेश से आवेदन करने पर फीस अमेरिकी डॉलर में निर्धारित
उदाहरण:

36 पेज सामान्य पासपोर्ट: 125 डॉलर

तत्काल: 250 डॉलर

महत्वपूर्ण बातें

  • 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के लिए जारी सामान्य पासपोर्ट की वैधता 10 वर्ष होगी.
  • 18 वर्ष से कम आयु के लिए जारी पासपोर्ट की वैधता 5 वर्ष या 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक, जो पहले हो, रहेगी.
  • 8 वर्ष तक के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को नए (Fresh) पासपोर्ट आवेदन पर 10% शुल्क छूट मिलेगी.
  • यह छूट केवल Fresh Passport Application पर लागू है, Re-issue पर नहीं.

60 पन्नों वाले पासपोर्ट की फीस में भी बड़ा इजाफा

बार-बार विदेश यात्रा करने वाले लोगों के बीच 60 पन्नों वाले पासपोर्ट की मांग अधिक रहती है. सरकार ने इस श्रेणी की फीस में भी बढ़ोतरी की है. अब सामान्य आवेदन के तहत 60 पन्नों वाला पासपोर्ट बनवाने के लिए 3,500 रुपये देने होंगे, जबकि पहले इसकी फीस 2,000 रुपये थी. वहीं, तत्काल श्रेणी में इस पासपोर्ट के लिए शुल्क 4,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दिया गया है. इससे व्यवसायिक यात्रियों और नियमित अंतरराष्ट्रीय यात्राएं करने वाले लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा.

30 जून तक पुराने शुल्क पर कर सकते हैं आवेदन

जो लोग पासपोर्ट बनवाने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए अभी भी कुछ समय बचा हुआ है. यदि आवेदन 30 जून 2026 तक किया जाता है, तो पुरानी शुल्क व्यवस्था के तहत ही फीस जमा करनी होगी. इसलिए पासपोर्ट बनवाने की सोच रहे लोगों के लिए यह समय महत्वपूर्ण माना जा रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि नई फीस लागू होने से पहले आवेदन केंद्रों पर आवेदनों की संख्या बढ़ सकती है.

बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को राहत जारी

फीस बढ़ोतरी के बावजूद केंद्र सरकार ने कुछ वर्गों को पहले की तरह राहत देना जारी रखा है. 8 वर्ष तक के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को नए पासपोर्ट आवेदन पर मिलने वाली 10 प्रतिशत की छूट में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

ये भी पढ़ें: पासपोर्ट, आधार कार्ड, वोटर ID नहीं... तो कौन सा डॉक्‍यूमेंट है नागरिकता का प्रूफ, जानें भारत का कानून