‘सैयारा’ से ‘स्कैम ना हो जाये यारा', UP पुलिस का अनोखा अंदाज; पोस्ट में लिखा- दिल दें, OTP नहीं!

बॉलीवुड की लेटेस्ट ब्लॉकबस्टर "सैयारा" जहां बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन कर रही है, वहीं इसके गानों की लोकप्रियता को कुछ ठग एक हथियार की तरह इस्तेमाल करने लगे हैं.

up police different style to warn people shared post on social media goes viral
Image Source: Social Media

बॉलीवुड की लेटेस्ट ब्लॉकबस्टर "सैयारा" जहां बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन कर रही है, वहीं इसके गानों की लोकप्रियता को कुछ ठग एक हथियार की तरह इस्तेमाल करने लगे हैं. उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए एक साइबर अलर्ट जारी किया है, जिसमें खासतौर से युवाओं को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

यूपी पुलिस के मुताबिक, हाल के दिनों में कुछ मामलों में यह देखा गया है कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया या कॉलिंग ऐप्स के ज़रिए "सैयारा" गाने या फिल्म का हवाला देकर युवाओं को भावनात्मक जाल में फंसा रहे हैं. बातचीत में भरोसा जमाने के बाद ये ठग OTP या बैंक डिटेल्स मांग लेते हैं. अगर कोई सावधानी न बरते तो उसका बैंक बैलेंस पल भर में साफ हो सकता है.


पुलिस का अनोखा अंदाज़ में जागरूकता अभियान

यूपी पुलिस ने इस मुद्दे को लेकर एक क्रिएटिव सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए लोगों को आगाह किया है. पोस्ट में लिखा गया है. सैयारा" गाना बजे और कोई अनजान नंबर से दिलदार बातें शुरू हो जाएं… तो समझो स्कैम चालू है. इसके साथ टैगलाइन दी गई. "सैयारा से सावधान रहो, वरना स्कैम ना हो जाए यारा! पुलिस ने एक और मजेदार और चेतावनी भरा संदेश साझा किया. I love you" के बाद अगर "OTP भेजो प्लीज़" आ जाए, तो समझिए प्यार नहीं, फंसने की तैयारी है. दिल दें, OTP नहीं!

चार दिन में 100 करोड़ की कमाई, लेकिन खतरा भी उतना ही बड़ा

18 जुलाई 2025 को रिलीज़ हुई इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म ने केवल 4 दिनों में 100 करोड़ से अधिक का कारोबार कर लिया है. फिल्म में अहान पांडे और अनीता पड्डा की जोड़ी को दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिल रहा है. सिनेमाघरों में इमोशनल सीन देखकर युवा दर्शक रोते-बिलखते नजर आ रहे हैं. फिल्म के गाने ‘सैयारा’, ‘तुम हो तो’, और ‘हमसफर’ इंटरनेट पर ट्रेंड कर रहे हैं.

“कहो ना… प्यार है” से हो रही तुलना

सुपरहिट रोमांटिक फिल्मों में गिनी जाने वाली “कहो ना… प्यार है” से "सैयारा" की तुलना की जा रही है. ठीक वैसे ही जैसे ऋतिक रोशन और अमीषा पटेल ने 2000 में डेब्यू किया था, अहान और अनीता भी उसी राह पर आगे बढ़ रहे हैं. अमीषा पटेल ने इस तुलना पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा सैयारा की जोड़ी को मेरी ढेरों शुभकामनाएं. आप यूं ही सफलता की ऊंचाइयों को छूते रहें. ‘कहो ना… प्यार है’ हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी, लेकिन मैं ‘सैयारा’ के जादू को भी सलाम करती हूं.

यह भी पढ़ें: सीएम योगी और पूर्व सांसद के बीच क्या-क्या बात हुई? बृजभूषण सिंह ने बता दिया सब कुछ