UP Police constable Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है. उत्तर प्रदेश पुलिस रिक्रूटमेंट एंड प्रमोशन बोर्ड (UPPRPB) ने कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है. बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार परीक्षा तीन दिन तक आयोजित होगी और हर दिन दो पालियों में अभ्यर्थियों से परीक्षा ली जाएगी. भर्ती प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 32,679 कांस्टेबल पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं. इनमें आरक्षी नागरिक पुलिस (पुरुष एवं महिला), पीएसी/सशस्त्र पुलिस (पुरुष), विशेष सुरक्षा बल, महिला बटालियन, घुड़सवार पुलिस और जेल वार्डर (पुरुष व महिला) जैसे पद शामिल हैं. इन पदों के लिए 30 जनवरी तक आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी.
8 से 10 जून तक होगी लिखित परीक्षा
बोर्ड की ओर से तय कार्यक्रम के मुताबिक यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जाएगी. इन तीनों दिनों में सुबह और दोपहर की दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी, ताकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को शामिल किया जा सके.
300 अंकों की होगी परीक्षा, बिना नेगेटिव मार्किंग
लिखित परीक्षा कुल 300 अंकों की होगी, जिसमें अभ्यर्थियों से 150 प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा की अवधि दो घंटे तय की गई है और हर सही उत्तर पर दो अंक मिलेंगे. इस बार नेगेटिव मार्किंग की व्यवस्था नहीं रखी गई है, जिससे उम्मीदवारों को बिना डर के सभी सवाल हल करने का मौका मिलेगा.
इन विषयों से पूछे जाएंगे सवाल
लिखित परीक्षा में सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता तथा मानसिक अभिरुचि, बुद्धिलब्धि और तार्किक क्षमता से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे. बोर्ड ने इन सभी विषयों के लिए सिलेबस तय कर दिया है, ताकि उम्मीदवार अपनी तैयारी उसी अनुसार कर सकें.
फिजिकल टेस्ट के लिए न्यूनतम अंक जरूरी
लिखित परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को ही आगे होने वाले फिजिकल टेस्ट में शामिल होने का मौका मिलेगा. इसके लिए न्यूनतम पासिंग मार्क्स कैटेगरी के अनुसार तय किए गए हैं. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को कुल अंकों का 30 प्रतिशत हासिल करना होगा, जबकि ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के लिए 25 प्रतिशत और एससी/एसटी वर्ग के लिए 20 प्रतिशत अंक तय किए गए हैं.
पांच चरणों में पूरी होगी चयन प्रक्रिया
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 की चयन प्रक्रिया कुल पांच चरणों में पूरी की जाएगी. तीसरे चरण में लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसके बाद फिजिकल टेस्ट कराया जाएगा. फिजिकल टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों को अंतिम चरण में मेडिकल जांच और मेरिट लिस्ट के आधार पर चयनित किया जाएगा. लिखित और फिजिकल टेस्ट में मिले अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी, जिसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होगी.
ये भी पढ़ें- अजब-गजब! पहली बार आसमान में एक साथ दिखे 4 चांद! किस देश में हुई ये अद्भुत घटना? वैज्ञानिक भी रह गए दंग