तुर्की ने बना लिया बंकर-बस्टर बम, 970 किलो वजनी GAZAP और NEB-2 घोस्ट का किया सफल परीक्षण, देखें Video

तुर्किए ने हाल ही में दो नए घातक और उच्च तकनीकी सामर्थ्य वाले बमों- GAZAP और NEB-2 'Ghost Bomb' का सफलतापूर्वक परीक्षण कर दुनिया के रक्षा विश्लेषकों और क्षेत्रीय ताकतों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.

Turkey successfully tested GAZAP and NEB-2 Ghost Bombs
Image Source: Social Media

अंकारा: तुर्किए ने हाल ही में दो नए घातक और उच्च तकनीकी सामर्थ्य वाले बमों- GAZAP और NEB-2 'Ghost Bomb' का सफलतापूर्वक परीक्षण कर दुनिया के रक्षा विश्लेषकों और क्षेत्रीय ताकतों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. 26 और 27 जुलाई 2025 को इस्तांबुल में आयोजित 17वें इंटरनेशनल डिफेंस इंडस्ट्री फेयर (IDEF) के दौरान तुर्किए के रक्षा मंत्रालय ने इन परीक्षणों के वीडियो सार्वजनिक किए.

दोनों बमों का वजन लगभग 970 किलोग्राम (2,000 पाउंड) है और इन्हें विशेष रूप से F-16 लड़ाकू विमानों से गिराने के लिए तैयार किया गया है. इन बमों की सबसे बड़ी विशेषता है इनकी घातक क्षमता और विस्फोट के बाद सैकड़ों वर्गमीटर तक प्रभाव डालने की शक्ति. खास बात यह है कि NEB-2 ‘Ghost Bomb’ में 10,000 सूक्ष्म मेटल कण मौजूद हैं, जो विस्फोट के बाद 10.6 कण प्रति वर्गमीटर की दर से फैलते हैं. इसका उद्देश्य न केवल बुनियादी ढांचे को तबाह करना है, बल्कि दुश्मन सैनिकों के लिए बचे रहने की संभावनाओं को लगभग समाप्त कर देना है.

GAZAP: थर्मोबैरिक विनाश का प्रतीक

GAZAP बम को थर्मोबैरिक वारहेड से लैस किया गया है, यानी यह पारंपरिक विस्फोटकों से कहीं अधिक उच्च तापमान और दबाव पैदा करता है. इस तरह के बम शहरी युद्ध, बंकर ध्वस्त करने और घने क्षेत्रों में अधिकतम जनहानि पहुंचाने के लिए विशेष रूप से कारगर माने जाते हैं.

थर्मोबैरिक बमों की खास बात यह होती है कि यह वातावरण में मौजूद ऑक्सीजन का उपयोग करते हुए, विस्फोट के क्षण में एक व्यापक और अत्यधिक उच्च तापमान वाला ब्लास्ट वेव तैयार करता है, जिससे आसपास की हर चीज जलकर खाक हो सकती है. इसका सैन्य और मनोवैज्ञानिक प्रभाव दोनों ही असाधारण होते हैं.

तुर्किए की रक्षा रणनीति में आत्मनिर्भरता की छलांग

GAZAP और NEB-2 बम केवल हथियार नहीं हैं — ये तुर्किए की मजबूत होती स्वदेशी रक्षा उत्पादन नीति के प्रतीक हैं. पिछले दो दशकों में तुर्की ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जिसमें ड्रोन, मिसाइल, जंगी जहाज, बख्तरबंद वाहन और सैटेलाइट तकनीक शामिल है.

TAI (Turkish Aerospace Industries), ROKETSAN, और ASELSAN जैसी तुर्की की रक्षा कंपनियाँ अब वैश्विक सैन्य मंच पर प्रतिस्पर्धा करने लगी हैं. तुर्किए की Tayfun हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल, जिसकी गति मैक 5 से अधिक और रेंज 800 किमी है, पहले ही दुनिया का ध्यान खींच चुकी है.

क्या तुर्की के ये बम पाकिस्तान को मिलेंगे?

यह प्रश्न केवल तकनीकी नहीं बल्कि रणनीतिक भी है. तुर्किए और पाकिस्तान के बीच पिछले वर्षों में गहरे सैन्य सहयोग देखने को मिले हैं. तुर्की ने पहले Bayraktar TB2 ड्रोन, MİLGEM क्लास कॉरवेट, और गाइडेड मिसाइल सिस्टम पाकिस्तान को सप्लाई किए हैं. PNS बाबर इसी सहयोग का स्पष्ट उदाहरण है, जो MİLGEM प्रोजेक्ट के तहत बना है.

इस संदर्भ में यदि GAZAP और NEB-2 जैसे बम पाकिस्तान को निर्यात किए जाते हैं या किसी सैन्य सौदे का हिस्सा बनते हैं, तो यह भारत के लिए रणनीतिक चुनौती बन सकता है. खासकर ऐसे समय में, जब पाकिस्तान बार-बार कश्मीर और सीमाओं पर अशांति फैलाने के आरोपों में घिरा रहता है.

तुर्की युद्धपोत की 'गुडविल विज़िट' या रणनीतिक संदेश?

मई 2025 में भारत-पाक के बीच तनाव के दौरान तुर्की नौसेना का प्रमुख युद्धपोत TCG बुयुकडा (F-512) पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर पहुंचा. इस दौरे को पाकिस्तानी नौसेना ने एक सामान्य 'गुडविल विजिट' बताया, लेकिन समय और सन्दर्भ के लिहाज से यह यात्रा केवल औपचारिक नहीं लगती.

जब यह युद्धपोत पाकिस्तान पहुंचा, ठीक उसी दौरान भारत के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था और भारतीय सेना हाई अलर्ट पर थी. इस संयोग को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, खासकर तब जब तुर्की के राजदूत डॉ. इरफान नेजीरोग्लू ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से मुलाकात कर “एकजुटता” का वादा किया.

भारत-तुर्की संबंध: सहयोग और संदेह के दो छोर

भारत और तुर्की के रिश्ते सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से गहरे हैं, लेकिन हाल के वर्षों में तुर्की द्वारा पाकिस्तान के पक्ष में खुले समर्थन, विशेषकर कश्मीर मुद्दे पर बयानबाज़ी, ने इन संबंधों में तनाव पैदा किया है.

हालांकि, 2023 में जब तुर्की और सीरिया में भूकंप आया, भारत ने ऑपरेशन दोस्त के तहत तुरंत सहायता भेजी. मेडिकल टीम, राहत सामग्री और आपदा प्रबंधन विशेषज्ञों की तैनाती तुर्की के लिए एक मानवीय संदेश था, जिसे अंकारा ने भी खुले तौर पर सराहा.

परंतु, इस मानवीय रिश्ते की गर्मजोशी राजनीतिक और रणनीतिक हकीकतों के सामने फीकी पड़ती दिखती है.

दक्षिण एशिया में शक्ति संतुलन पर संभावित प्रभाव

GAZAP और NEB-2 जैसे हथियार सिर्फ तुर्की की तकनीकी उपलब्धि नहीं हैं, ये उन कूटनीतिक समीकरणों का हिस्सा हैं, जिनका प्रभाव भारत जैसे क्षेत्रीय शक्तिशाली देशों पर पड़ सकता है. पाकिस्तान पहले ही चीनी और तुर्की तकनीक से अपनी रक्षा प्रणाली को आधुनिक बना रहा है.

यदि तुर्किए इन हथियारों की एक्सपोर्ट पॉलिसी को उदार बनाता है, तो यह दक्षिण एशिया के शक्ति संतुलन को अस्थिर कर सकता है, विशेष रूप से भारत के लिए, जो वर्तमान में चीन और पाकिस्तान की 'दो फ्रंट वॉर' रणनीति को लेकर सतर्क है.

ये भी पढ़ें- अब खतरा दिखते ही हमला करेगा भारत, संयम से नहीं, आक्रामक जवाब देगा... सेना ने बनया नया युद्ध सिद्धांत