US Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कई बड़े दावे किए हैं. उन्होंने कहा कि ईरान की सैन्य ताकत लगभग खत्म हो चुकी है और उसकी रक्षा व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है. हालांकि, ट्रंप के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
ट्रंप ने क्या कहा?
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कुछ महीने पहले तक ईरान के पास मध्य पूर्व की सबसे मजबूत सेनाओं में से एक थी, लेकिन अब उसकी सैन्य क्षमता को भारी नुकसान हुआ है. उनका दावा है कि ईरान के कई युद्धपोत, लड़ाकू विमान, रडार सिस्टम और एयर डिफेंस सिस्टम नष्ट हो चुके हैं. ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान का सैन्य नेतृत्व भी कमजोर पड़ गया है और देश अब दबाव में है.
होर्मुज को लेकर बढ़ी टकराव की स्थिति
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान आमने-सामने हैं. अमेरिका का कहना है कि वह इस अहम समुद्री मार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा. साथ ही ईरानी जहाजों पर नई पाबंदियां लगाने और ईरान पर दबाव बढ़ाने की बात भी कही गई है.
दूसरी ओर ईरान ने साफ कर दिया है कि वह होर्मुज पर अपना नियंत्रण नहीं छोड़ेगा. ईरान का कहना है कि इस इलाके में किसी भी तरह का अमेरिकी दखल उसे स्वीकार नहीं है और जरूरत पड़ने पर वह जवाबी कार्रवाई करेगा.
ट्रंप की रणनीति पर उठे सवाल
अमेरिकी सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता चक शूमर ने ईरान को लेकर ट्रंप की नीति की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि बिना स्पष्ट रणनीति के इस तरह के कदम पुराने विवादों को फिर से बढ़ा सकते हैं. शूमर का मानना है कि ऐसे फैसलों से क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है.
नेतन्याहू ने भी दी चेतावनी
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी ईरान को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने इजराइल पर फिर हमला किया तो उसका जवाब पहले से कहीं ज्यादा कड़ा होगा. नेतन्याहू ने कहा कि अब इजराइल किसी भी हमले का निर्णायक जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है.
ये भी पढ़ें- PoJK में प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी सेना का जुल्म, भारत ने दी चेतावनी, कहा- लोगों के गुस्से...