आर्कटिक राजनीति, सोशल मीडिया और मीम कल्चर जब एक-दूसरे से टकराते हैं, तो नतीजा अक्सर वायरल होता है. ऐसा ही कुछ हुआ जब व्हाइट हाउस की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने दुनियाभर के यूजर्स को हंसने और चौंकने का मौका दे दिया. ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका की रणनीति पर चर्चा चल ही रही थी कि एक तस्वीर ने पूरे मामले को मज़ाक में बदल दिया.
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में यूरोप पर ग्रीनलैंड से जुड़े टैरिफ को अस्थायी रूप से रोक दिया था, लेकिन आर्कटिक क्षेत्र को लेकर उनकी दिलचस्पी अब भी बरकरार है. इसी सोच को दिखाने के लिए व्हाइट हाउस ने शनिवार को एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें ट्रंप ग्रीनलैंड की ओर चलते नजर आ रहे थे और उनके साथ एक पेंगुइन भी दिखाई दे रहा था. पोस्ट के साथ कैप्शन लिखा गया— “Embrace the Penguin”, यानी “पेंगुइन को अपनाइए.”
बुनियादी गलती और इंटरनेट की ट्रोल आर्मी
यह पोस्ट कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर मज़ाक का विषय बन गई. वजह थी एक बड़ी लेकिन बुनियादी गलती—ग्रीनलैंड में पेंगुइन पाए ही नहीं जाते. पेंगुइन केवल दक्षिणी गोलार्ध में रहते हैं, खासकर अंटार्कटिका में, जबकि ग्रीनलैंड उत्तरी गोलार्ध में स्थित है. यूजर्स ने तुरंत इस गलती को पकड़ा और कमेंट सेक्शन में जमकर ट्रोलिंग शुरू हो गई.
X पर मीम्स, AI तस्वीरें और ‘रियलिटी चेक’
X (पूर्व में ट्विटर) पर कई यूजर्स ने व्हाइट हाउस को ‘रियलिटी चेक’ देते हुए AI से बनी मज़ेदार तस्वीरें शेयर कीं. किसी ने ट्रंप को ध्रुवीय भालू के साथ दिखाया, तो किसी ने पेंगुइन को रेगिस्तान में खड़ा कर दिया. रिपोर्ट लिखे जाने तक यह पोस्ट 1 करोड़ से ज्यादा व्यूज बटोर चुकी थी.
तस्वीर में दिखीं और भी खामियां
कुछ यूजर्स ने तस्वीर को ध्यान से देखने के बाद और भी गड़बड़ियां गिनाईं. कई लोगों ने नोट किया कि ट्रंप के पीछे दिख रहे पैरों के निशान इंसानों जैसे नहीं लग रहे थे. एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “अच्छी कोशिश है, लेकिन ग्रीनलैंड में पेंगुइन नहीं मिलते.”
UK कैबिनेट ऑफिस की भी मज़ेदार एंट्री
मामला यहीं नहीं रुका. UK कैबिनेट ऑफिस के चीफ माउसर के आधिकारिक X अकाउंट ने भी मज़ाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी. पोस्ट में लिखा गया— “कैट चेक: पेंगुइन सिर्फ दक्षिणी गोलार्ध में पाए जाते हैं.” इस कमेंट ने ट्रोलिंग को और हवा दे दी.
ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप की रणनीति
डोनाल्ड ट्रंप बीते कई महीनों से ग्रीनलैंड को लेकर असाधारण रुचि दिखा रहे हैं. उनका कहना है कि यह आर्कटिक क्षेत्र अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद अहम है. इसी कारण उन्होंने डेनमार्क पर दबाव बनाया, जो ग्रीनलैंड का प्रशासनिक नियंत्रण संभालता है. यहां तक कि यह भी कहा गया कि समझौता न होने पर अमेरिका सैन्य विकल्प पर भी विचार कर सकता है.
क्यों वायरल हुआ पेंगुइन
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पेंगुइन असल में फिल्ममेकर वरनर हर्जोग की 2007 की डॉक्यूमेंट्री ‘Encounters at the End of the World’ का एक सीन है. इसमें एक पेंगुइन अपनी कॉलोनी से भटककर अकेले अंटार्कटिका की ओर चलता दिखाई देता है. हाल के दिनों में यही सीन एक ट्रेंड बन गया, और व्हाइट हाउस भी अनजाने में उसी ट्रेंड का हिस्सा बन गया—लेकिन भूगोल की जांच किए बिना.
यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर देख ली क्या’...जब पार्टी में बुलेट प्रूफ जैकेट पहन पहुंचे आसिम मुनीर; लोगों ने कर दिया ये सवाल