अमेरिका में ट्रंप प्रशासन की सख्ती, 1 लाख से अधिक वीजा हुए रद्द, जानें इसका भारतीयों पर क्या पड़ेगा असर

US Visa: अमेरिका ने आव्रजन और सुरक्षा नीति को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा कदम उठाया है. अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने खुलासा किया है कि अब तक एक लाख से अधिक वीजा रद्द किए जा चुके हैं.

Trump administration strictness in America more than 1 lakh visas cancelled effect it Indians
Image Source: Social Media

US Visa: अमेरिका ने आव्रजन और सुरक्षा नीति को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा कदम उठाया है. अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने खुलासा किया है कि अब तक एक लाख से अधिक वीजा रद्द किए जा चुके हैं. यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है, जब अमेरिका अपनी आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर पहले से ज्यादा सतर्क नजर आ रहा है. सरकार का साफ कहना है कि जो लोग नियमों का उल्लंघन करेंगे या आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाएंगे, उनके लिए अमेरिका में रहने की कोई जगह नहीं है.

विदेश मंत्रालय के अनुसार, रद्द किए गए वीजा में करीब 8,000 छात्र वीजा भी शामिल हैं. इसके अलावा लगभग 2,500 वीजा ऐसे लोगों के हैं, जिन्हें विशेष श्रेणी में रखा गया था. इस विशेष श्रेणी में वे लोग आते हैं, जिनका किसी न किसी रूप में आपराधिक गतिविधियों से संबंध रहा है और जिन्हें अमेरिका की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सामने पेश होना पड़ा है. अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि ऐसे लोगों की मौजूदगी देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है, इसलिए उन्हें निर्वासित किया जाना जरूरी है.

2025 में सबसे ज्यादा वीजा रद्द होने का रिकॉर्ड

फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में वीजा रद्द करने का आंकड़ा अब तक के सभी वर्षों से ज्यादा है. यह संख्या पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल के दौरान साल 2024 में रद्द किए गए कुल वीजा से भी दोगुनी से अधिक बताई जा रही है. इससे साफ है कि मौजूदा प्रशासन वीजा नियमों के उल्लंघन को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है और किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है.

ओवरस्टे करने वालों पर खास नजर

अमेरिकी विदेश विभाग ने यह भी बताया कि वीजा रद्द किए जाने के ज्यादातर मामले उन व्यावसायिक और पर्यटक यात्रियों से जुड़े हैं, जिन्होंने वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद अमेरिका में रहना जारी रखा. ऐसे मामलों को कानून का सीधा उल्लंघन माना गया है. अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका में आने वाले हर व्यक्ति को तय समय सीमा के भीतर देश छोड़ना होता है और नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है.

अपराधों से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई

इसके अलावा कई वीजा ऐसे मामलों में भी रद्द किए गए हैं, जिनमें लोग शराब पीकर गाड़ी चलाने, मारपीट, चोरी, चाइल्ड एब्यूज, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए गए. अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि इस तरह के अपराध न सिर्फ कानून व्यवस्था के लिए खतरा हैं, बल्कि समाज की सुरक्षा पर भी सीधा असर डालते हैं. इसलिए ऐसे लोगों को अमेरिका में रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती.

सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

अमेरिका ने साफ शब्दों में कहा है कि देश की जनता की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी वजह से आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को चिन्हित कर लगातार निर्वासित किया जा रहा है. विदेश मंत्रालय का मानना है कि इस तरह की सख्ती से न सिर्फ अवैध गतिविधियों पर लगाम लगेगी, बल्कि वीजा नियमों का पालन करने वालों के लिए व्यवस्था और ज्यादा पारदर्शी और सुरक्षित बनेगी.

आव्रजन नीति पर बढ़ती सख्ती के संकेत

एक लाख से अधिक वीजा रद्द किए जाने का यह आंकड़ा इस बात का संकेत है कि अमेरिका अपनी आव्रजन नीति को लेकर आने वाले समय में और भी सख्त कदम उठा सकता है. सरकार का संदेश साफ है, जो लोग नियमों का सम्मान करेंगे, उनके लिए अमेरिका के दरवाजे खुले हैं, लेकिन कानून तोड़ने वालों के लिए कोई रियायत नहीं दी जाएगी.

ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस के दो मामले आए सामने, जेपी नड्डा ने ममता बनर्जी को मदद का दिया आश्वासन