Delhi News: बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. राजधानी दिल्ली के कालकाजी एक्सटेंशन में एक दर्दनाक हादसे में 5 साल की बच्ची की 10वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बच्ची अपनी मां को ढूंढते हुए बालकनी तक पहुंची और हादसे का शिकार हो गई.
मां को खोजते हुए हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, बच्ची शनिवार शाम जल्दी सो गई थी. कुछ देर बाद जब उसकी नींद खुली तो घर के बाकी लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे. बच्ची अपनी मां को ढूंढते हुए बालकनी तक पहुंच गई. इसी दौरान वह रेलिंग के पास झुकी और अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गई. हादसे के तुरंत बाद परिवार उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
14 मंजिला इमारत में रहता था परिवार
पुलिस के अनुसार, बच्ची अपने परिवार के साथ कालकाजी एक्सटेंशन स्थित आशा किरण अपार्टमेंट में रहती थी. यह दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) का 14 मंजिला रिहायशी कॉम्प्लेक्स है. हादसा शनिवार रात करीब 10:30 बजे हुआ. बच्ची के पिता मिथुन दास इलाके में मछली की दुकान चलाते हैं. घटना के बाद पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
CCTV फुटेज की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. अपार्टमेंट परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे के पूरे घटनाक्रम को समझा जा सके. इसके अलावा परिवार, पड़ोसियों और अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं.
परिवार ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस हादसे के बाद परिवार ने इमारत की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि अगर बालकनी में सुरक्षा ग्रिल या मजबूत जाली लगी होती, तो बच्ची की जान बच सकती थी. परिवार का कहना है कि ऊंची इमारतों में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम होने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों.
ये भी पढ़ें- अपने गिरेबान में झांको... कराची ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान ने उगला जहर, तो भारत ने लगाई लताड़