Most Powerful Submarine In The World: आज के दौर में, जब जंगी तकनीकें निरंतर विकसित हो रही हैं, समुद्र के नीचे की दुनिया भी किसी युद्धक्षेत्र से कम नहीं है. जहां पहले पनडुब्बियों का उपयोग सिर्फ गुप्त निगरानी और हमला करने के लिए किया जाता था, अब वे देशों की सामरिक शक्ति और परमाणु निवारक क्षमता का केंद्र बन चुकी हैं.
अमेरिका, रूस, फ्रांस और ब्रिटेन जैसे देश समुद्री शक्ति को बढ़ाने के लिए अत्याधुनिक और विशाल पनडुब्बियों का निर्माण कर रहे हैं. ये पनडुब्बियां न सिर्फ दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रख सकती हैं, बल्कि गहरे समुद्र से परमाणु हमला करने में भी सक्षम हैं. चलिए, जानते हैं दुनिया की 10 सबसे बड़ी और ताकतवर पनडुब्बियों के बारे में, जो समुद्र की गहराइयों में रहकर दुश्मनों के लिए खतरा बनी हुई हैं.

1. टाइफून क्लास पनडुब्बियां – रूस
रूस की टाइफून क्लास पनडुब्बियां दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे ताकतवर पनडुब्बियों में गिनी जाती हैं. शीत युद्ध के दौरान बनाई गई ये पनडुब्बियां 175 मीटर लंबी और 23 मीटर चौड़ी हैं, जिनका विस्थापन करीब 48,000 टन है. ये R-39 इंटरकांटिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइलों से लैस होती हैं और परमाणु हमले में पूरी तरह सक्षम हैं. विशाल आकार के बावजूद, ये समुद्र में बेहद शांत गति से चलती हैं, जिससे इनका पता लगाना बेहद मुश्किल होता है.

2. बोरई क्लास पनडुब्बियां – रूस
बोरई क्लास रूस की नई पीढ़ी की परमाणु पनडुब्बियां हैं, जिन्हें डेल्टा और टाइफून क्लास की जगह दी गई है. इनका निर्माण पोस्ट-सोवियत युग में हुआ था. 170 मीटर लंबी और 13 मीटर चौड़ी ये पनडुब्बियां 24,000 टन वजनी हैं और इनमें 107 लोगों का चालक दल होता है. ये 16 बुलावा मिसाइलों और 6 SS-N-15 मिसाइलों से लैस होती हैं, जो इन्हें रणनीतिक हथियार बनाती हैं.

3. ओहायो-क्लास पनडुब्बियां – अमेरिका
अमेरिका की सबसे बड़ी और घातक पनडुब्बियों में से एक है ओहायो क्लास. यह पनडुब्बी 170 मीटर लंबी, 13 मीटर चौड़ी और 18,750 टन भारी है. इसमें 24 ट्राइडेंट-II मिसाइलें होती हैं, जिनकी रेंज करीब 12,000 किलोमीटर तक होती है. ओहायो क्लास पनडुब्बियों में एक परमाणु रिएक्टर, दो टर्बाइन और चार डेक होते हैं, और ये अमेरिकी नौसेना की रणनीतिक रीढ़ हैं.

4. ऑस्कर क्लास पनडुब्बियां – रूस
रूस की ऑस्कर क्लास पनडुब्बियां लंबाई में 155 मीटर और चौड़ाई में 18 मीटर की होती हैं. ये 24 SS-N-19 मिसाइलें लेकर चलती हैं, जिनकी रेंज करीब 600 किलोमीटर तक होती है. ये पनडुब्बियां दस कम्पार्टमेंट्स में बंटी होती हैं, जो आपात स्थिति में एक-दूसरे से अलग हो सकते हैं, जिससे सुरक्षा बढ़ जाती है.

5. वैनगार्ड क्लास पनडुब्बियां – यूनाइटेड किंगडम
यूके की वैनगार्ड क्लास पनडुब्बियां 150 मीटर लंबी हैं और इनका विस्थापन करीब 15,900 टन है. इन पनडुब्बियों में ट्राइडेंट II D5 मिसाइलें तैनात की जाती हैं, जिनकी मारक क्षमता 5000 मील से अधिक है. ये पनडुब्बियां ब्रिटिश नौसेना की सामरिक परमाणु निवारक नीति की मुख्य धुरी हैं.

6. यासेन क्लास पनडुब्बियां – रूस
यासेन क्लास पनडुब्बियों को सबसे आधुनिक रूसी परमाणु पनडुब्बियों में गिना जाता है. 140 मीटर लंबी और 14,000 टन भारी ये पनडुब्बियां सतह और जमीन पर हमले के लिए क्रूज मिसाइलें लेकर चलती हैं. इन पनडुब्बियों में गोलाकार सोनार सिस्टम लगा होता है, जिससे ये किसी भी खतरे को दूर से पहचान सकती हैं.

7. डेल्टा क्लास पनडुब्बियां – रूस
डेल्टा क्लास पनडुब्बियां 1970 के दशक से रूसी नौसेना की रीढ़ रही हैं. इनके चार संस्करण बनाए गए हैं - डेल्टा I से लेकर डेल्टा IV तक. 139 मीटर लंबी और 10,000 टन वजनी ये पनडुब्बियां अभी भी सक्रिय हैं और घातक बैलिस्टिक मिसाइलों से लैस होती हैं.

8. ट्रायम्फेंट क्लास पनडुब्बियां – फ्रांस
फ्रांस की ट्रायम्फेंट क्लास पनडुब्बियां 138 मीटर लंबी, 12.5 मीटर चौड़ी और करीब 14,335 टन वजनी हैं. इनमें नौ हफ्तों तक लगातार पानी के अंदर रहने की क्षमता है. ये पनडुब्बियां फ्रांस की M51 मिसाइलों से लैस होती हैं, जो परमाणु हमले में बेहद प्रभावशाली मानी जाती हैं.

9. सिएरा क्लास पनडुब्बियां – रूस
सिएरा क्लास पनडुब्बियां टाइटेनियम पतवार से बनी होती हैं, जिससे ये तेज गति (35 समुद्री मील तक) और गहराई में बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं. 112.7 मीटर लंबी और 8300 टन वजनी ये पनडुब्बियां कई बार अपग्रेड हो चुकी हैं और अब भी सेवा में हैं.

10. अकुला क्लास पनडुब्बियां – रूस
1986 में लॉन्च की गई अकुला क्लास पनडुब्बियां रूस की सबसे खामोश और खतरनाक परमाणु पनडुब्बियों में से एक हैं. ये 110 मीटर लंबी और करीब 12,770 टन वजनी हैं. इनमें वेक डिटेक्शन सिस्टम लगाया गया है जो पानी के तापमान में मामूली बदलाव को भी पकड़ सकता है.
ये भी पढ़ें: ईरान पर होने वाला है बड़ा हमला, अमेरिका-इजरायल कर रहे सैन्य कार्रवाई की तैयारी? इन 3 संकेतों से समझिए सबकुछ