Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में इस समय मॉनसून सक्रिय है. दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है. इसी बीच मौसम विभाग ने 12 अगस्त के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को देश के करीब 16 राज्यों में बारिश हो सकती है. इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु समेत कई राज्य शामिल हैं. कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है.
दिल्ली-NCR में कल भी होगी बारिश
दिल्ली-NCR में 12 अगस्त को भी मौसम बदला हुआ रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.
दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बारिश के कारण लोगों को उमस से कुछ राहत मिल सकती है.
राजस्थान में भारी बारिश की चेतावनी
राजस्थान में भी मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है. राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. 12 अगस्त को भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.
दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर भारी बारिश और एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि, 13 अगस्त से राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की उम्मीद है.
हिमाचल और उत्तराखंड में भी अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर तेज बारिश हो रही है. कांगड़ा में भारी बारिश के बाद नदी और नाले उफान पर आ गए हैं. मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी और सिरमौर के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
इसके अलावा ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन में भारी बारिश का यलो अलर्ट है. 12 और 13 अगस्त को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर भारी बारिश का भी अनुमान है.
उत्तराखंड में भी पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश जारी है. देहरादून और हरिद्वार में बारिश का असर जनजीवन पर पड़ा है. वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 13 अगस्त को भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है.
यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में बारिश का दौर जारी है. हालांकि, 12 अगस्त को बारिश की गतिविधि में कुछ कमी आने की संभावना है. इसके बावजूद कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम ज्यादातर शुष्क रहने का अनुमान है. यहां बारिश की संभावना कम है. बिहार में बुधवार को कई जगहों पर बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में तेज या व्यापक बारिश की संभावना है, जबकि कई स्थानों पर हल्की और छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है.
तमिलनाडु में 16 अगस्त तक बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी बारिश और आंधी का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने 16 अगस्त तक राज्य के कुछ इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.इस दौरान तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है. चेन्नई और आसपास के इलाकों में दिन के समय आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. शाम या रात के समय बारिश के लिए मौसम अनुकूल हो सकता है.
इन राज्यों में भी भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा और गंगा के मैदानी इलाके वाले पश्चिम बंगाल में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, अंडमान-निकोबार, गुजरात, कोंकण और गोवा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है.
कुल मिलाकर 12 अगस्त को देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहने वाला है. पहाड़ी राज्यों और भारी बारिश वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान देने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें- स्वतंत्रता दिवस से पहले BSF कैंप में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, मोबाइल में मिले कई पाकिस्तानी नंबर