स्वतंत्रता दिवस से पहले BSF कैंप में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, मोबाइल में मिले कई पाकिस्तानी नंबर

स्वतंत्रता दिवस से पहले राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसएफ ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा है.

Rajasthan Infiltration attempt at BSF camp foiled ahead of Independence Day
Image Source: Social Media

स्वतंत्रता दिवस से पहले राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसएफ ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा है. आरोपी रायसिंहनगर में स्थित 163वीं बटालियन के कैंप में घुसने की कोशिश कर रहा था. वह बिना अनुमति कैंप की दीवार फांदकर अंदर जाने का प्रयास कर रहा था. जवानों ने उसे समय रहते पकड़ लिया.

आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तान के कंट्री कोड 92 वाले कई नंबरों से कॉल और मैसेज का रिकॉर्ड मिला है. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. बीएसएफ की रिपोर्ट पर रायसिंहनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त पूछताछ केंद्र यानी जेआईसी की टीम भी आरोपी से पूछताछ करेगी.

दीवार फांदकर कैंप में घुसने की कोशिश

बीएसएफ की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:05 बजे गांव 02 एफएफ निवासी सुभाष चंदर पुत्र गोविंद राम कैंप की दीवार फांदकर अंदर जाने की कोशिश कर रहा था.

ड्यूटी पर तैनात जवानों की नजर उस पर पड़ गई. जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया. इसके बाद आरोपी का रायसिंहनगर सीएचसी में मेडिकल कराया गया. मेडिकल के बाद उसे रायसिंहनगर पुलिस को सौंप दिया गया और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई.

मोबाइल में मिले पाकिस्तान के नंबर

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की गई. कॉल डिटेल्स खंगालने पर सामने आया कि आरोपी पाकिस्तान के कंट्री कोड 92 वाले कई नंबरों के संपर्क में था.

जांच में इन नंबरों से कॉल और मैसेज किए जाने के रिकॉर्ड मिले हैं. अब सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी इन लोगों के संपर्क में क्यों था और उसके पाकिस्तान में मौजूद संपर्कों से किस तरह की बातचीत हुई थी.

सैन्य जानकारी जुटाने का शक

आर्मी इंटेलिजेंस से जुड़े सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी कैंप में घुसकर सेना और बीएसएफ की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी या तस्वीरें हासिल करने की कोशिश कर सकता था.

हालांकि, अभी जांच जारी है और आरोपी के मकसद को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है. सुरक्षा एजेंसियां उसके मोबाइल फोन और दूसरे संपर्कों की भी जांच कर रही हैं.

स्वतंत्रता दिवस को लेकर हाई अलर्ट

स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर हैं. भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित श्रीगंगानगर जिले में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लिया जा रहा है.

बीएसएफ और पुलिस के अलावा दूसरी सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले की जांच में जुटी हैं. खासतौर पर आरोपी के पाकिस्तान से जुड़े संपर्कों और कैंप में घुसने की उसकी कोशिश को लेकर पूछताछ की जा रही है.

कॉल डिटेल्स में सामने आए संपर्क

जांच के दौरान सामने आई कॉल डिटेल्स के अनुसार, 14 नवंबर 2025 की शाम करीब 8:07 बजे पाकिस्तान के एक नंबर से इनकमिंग कॉल आई थी, जिसे रिसीव नहीं किया गया.

इसी दिन शाम करीब 8:35 बजे पाकिस्तान के एक दूसरे नंबर पर आउटगोइंग कॉल की गई. इस कॉल पर करीब 2 मिनट 3 सेकंड तक बातचीत हुई.

15 नवंबर 2025 की शाम करीब 8:37 बजे पाकिस्तान के एक नंबर पर आउटगोइंग कॉल की गई, लेकिन यह कॉल रिसीव नहीं हुई.

इसके बाद 16 नवंबर 2025 की सुबह करीब 9:32 बजे पाकिस्तान के एक नंबर से इनकमिंग कॉल आई. इस दौरान करीब 2 मिनट 18 सेकंड तक बातचीत हुई.

सुरक्षा एजेंसियां अब इन सभी संपर्कों की जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी की पाकिस्तान में मौजूद लोगों से किस तरह की बातचीत होती थी और कैंप में घुसने के पीछे उसका असली मकसद क्या था.

ये भी पढ़ें- भारत में नहीं होगी तेल और गैस की कमी! 41 देशों से खरीद रहा क्रूड ऑयल, रणनीतिक भंडार बढ़ाने की तैयारी