पहले दो बेटियों को फांसी पर लटकाया, फिर पिता ने भी खौफनाक कदम उठाया... बेंगलुरु में दिल दहलाने वाला कांड

Daughters killed Bengaluru: बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित ताज होटल में एक पिता ने कथित तौर पर अपनी दो मासूम बेटियों की फांसी लगाकर हत्या कर दी.

bengaluru-taj-hotel-father-kills-two-daughters-suicide-attempt
Image Source: Magnific

Daughters killed Bengaluru: बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित ताज होटल में एक पिता ने कथित तौर पर अपनी दो मासूम बेटियों की फांसी लगाकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की. मृत बच्चियों की पहचान 5 वर्षीय शेख जेहरा और 10 वर्षीय शेख जोया के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

होटल के कमरे में मिलीं दोनों बच्चियों की लाश

जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु के नागवारा निवासी इमरान अपनी दोनों बेटियों के साथ 9 अगस्त की शाम होटल पहुंचा था. उसने होटल की चौथी मंजिल पर कमरा बुक कराया था. पुलिस को आशंका है कि बच्चियों की हत्या के लिए पहले से होटल का कमरा लिया गया था. अगले दिन 10 अगस्त की शाम करीब 4 बजे होटल कर्मचारी कमरे की सफाई के लिए पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. शक होने पर कर्मचारियों ने कमरे में प्रवेश किया, जहां दोनों बच्चियां मृत अवस्था में मिलीं.

बच्चियों के बाद खुद भी आत्महत्या की कोशिश

पुलिस के अनुसार, इमरान ने कथित तौर पर पहले अपनी दोनों बेटियों को फांसी पर लटकाया और इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की. होटल कर्मचारियों ने उसे गंभीर हालत में देखा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया. इमरान को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि इमरान एक निजी कंपनी जिम्मी कैब में प्रबंधक के पद पर काम करता है.

पत्र में लिखी बच्चों की हत्या की बात

इस मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इमरान के पास से एक पत्र भी मिला है, जिसमें उसने कथित तौर पर दोनों बच्चियों की हत्या खुद करने की बात लिखी है. हालांकि, उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है. पुलिस होटल के कमरे से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है.

पुलिस खंगाल रही घटना की पूरी कड़ी

डीसीपी मिथुन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद एयरपोर्ट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. फिलहाल पुलिस इमरान के इलाज के साथ-साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि होटल में आने से पहले इमरान ने किस तरह की तैयारियां की थीं और इस वारदात के पीछे कोई पारिवारिक या अन्य वजह थी या नहीं. पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की सटीक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

ये भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में सिरफिरे आशिक का खौफनाक कांड, प्रेमिका के पति को उतारा मौत के घाट, गंडासे से किए 17 वार