Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. दक्षिण-पश्चिम मानसून के जल्द केरल पहुंचने की संभावना के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान मौसम गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे कई इलाकों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून केरल तट पर पहुंचने के बाद दक्षिण भारत के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर शुरू हो सकता है. इसके साथ ही उत्तर, मध्य, पूर्व और पश्चिम भारत के विभिन्न क्षेत्रों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का प्रभाव बना रहेगा.
इन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, पुडुचेरी, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, असम, मेघालय और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह सहित कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है. कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रह सकता है. दिनभर आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 5 जून तक बारिश और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है. कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 2, 2026
मुख्य बिंदु
(i) केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगभग 4 जून, 2026 को शुरू होने की संभावना है।
(ii) अगले 6-7 दिनों के दौरान केरल में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा (7-20 सेमी) और तमिलनाडु और कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की प्रबल… pic.twitter.com/eb7EGjjEzb
उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का दौर
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, मेरठ, आगरा, झांसी, जौनपुर, चंदौली और चित्रकूट सहित कई इलाकों में मौसम बदल सकता है. राज्य के पश्चिमी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने के आसार हैं. कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
बिहार में बारिश के साथ लू का असर
बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम मिश्रित रहने की संभावना है. एक ओर कई जिलों में गरज-चमक और बारिश के आसार हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में गर्म हवाएं और लू लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा और बेगूसराय समेत कई शहरों में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
राजस्थान में आंधी और ओलावृष्टि की आशंका
राजस्थान के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, कोटा, उदयपुर, अजमेर और अलवर समेत कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है. पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने की भी चेतावनी दी गई है.
उत्तराखंड में मौसम रहेगा सक्रिय
देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चमोली, पिथौरागढ़ और टिहरी जैसे जिलों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है. पहाड़ी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है.
हिमाचल प्रदेश में बिजली गिरने का खतरा
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सोलन और ऊना जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. पर्यटकों और स्थानीय लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
पंजाब में भी बदलेगा मौसम
पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा, मोहाली और गुरदासपुर सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में आंधी-तूफान की स्थिति भी बन सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है.
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है. तेज हवाओं और आंधी के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: इन राशि वालों को मिलेगा क्रश से प्यार, रोमांस से भरा रहेगा दिन, जानें आज का लव राशिफल