Patna Metro inauguration: पटना की सड़कों पर सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है, अब इंतजार खत्म होने जा रहा है. राजधानी पटना में लंबे समय से चर्चा में रही मेट्रो सेवा का शुभारंभ सोमवार, 6 अक्टूबर 2025 को होने वाला है. इस ऐतिहासिक मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना मेट्रो के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे.
पटना अब उन चुनिंदा भारतीय शहरों की सूची में शामिल होने जा रहा है, जहां मेट्रो की रफ्तार लोगों के सफर को नया आयाम देगी. पहले चरण में रेड लाइन के तहत तीन स्टेशन आईएसबीटी, जीरो माइल और भूतनाथ को जोड़ा गया है. लगभग 9 किलोमीटर लंबी इस रूट पर सफलतापूर्वक ट्रायल रन हो चुका है, और मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त की मंजूरी मिलने के बाद अब इसे आम जनता के लिए खोलने की पूरी तैयारी है.
यातायात से मिलेगी राहत, सफर होगा आरामदायक
पटना मेट्रो के शुरू होते ही शहर में ट्रैफिक की भीड़-भाड़ कम होने की उम्मीद है. यह खासतौर से उन यात्रियों के लिए बेहद लाभदायक होगी जो रोजाना ऑफिस, स्कूल या कॉलेज के लिए सफर करते हैं. मेट्रो एक सस्ता, तेज और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प बनेगी, जो न केवल समय की बचत करेगी बल्कि प्रदूषण को भी कम करने में मददगार होगी.
आधुनिक तकनीक से होगी लैस
पटना मेट्रो को पूरी तरह आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है. इसमें स्वचालित सिग्नलिंग सिस्टम, ऊर्जा-कुशल ट्रेनें, सुविधाजनक स्टेशन जिनमें लिफ्ट, एस्केलेटर और दिव्यांगों के लिए विशेष इंतज़ाम हैं. इसके साथ ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनें भी लगी हुई हैं. इसका डिज़ाइन पर्यावरण के प्रति संवेदनशील रखा गया है, जिससे कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी.
भूमिगत खंड की भी रखी जाएगी नींव
इसी दिन मुख्यमंत्री बेली रोड पर प्रस्तावित भूमिगत मेट्रो रूट के कार्य का शिलान्यास भी करेंगे. यह भूमिगत हिस्सा पटना के अत्यधिक व्यस्त इलाकों में मेट्रो को चलाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इससे लोगों को सुगम और निर्बाध यात्रा का अनुभव मिलेगा.
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र के किसानों को राहत का भरोसा, अमित शाह बोले- रिपोर्ट भेजें, तुरंत मदद मिलेगी