Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज़ के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है. यह वही दिन था जिसका इंतज़ार लाखों क्रिकेट प्रेमी, खासकर रोहित शर्मा और विराट कोहली के चाहने वाले बेसब्री से कर रहे थे. सबको उम्मीद थी कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फ़ाइनल में टीम को खिताब दिलाने वाले कप्तान रोहित शर्मा दोबारा वनडे टीम की कमान संभालते दिखेंगे, और साथ में दिखेगी RO-KO यही रोहित और कोहली की जोड़ी.
लेकिन चयनकर्ताओं ने एक चौंकाने वाला फैसला लेते हुए शुभमन गिल को वनडे कप्तान और श्रेयस अय्यर को उपकप्तान घोषित किया. अब रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों को बतौर खिलाड़ी टीम में शामिल किया गया है, लेकिन कप्तान के रूप में अब ये ज़िम्मेदारी रोहित के हाथों से लेकर नई पीढ़ी के हाथों में सौंपी गई है.
एक दौर का अंत, एक खूबसूरत अध्याय अमर हो गया...
ये फैसला जितना “क्रिकेटिंग” लगा, उतना ही “भावनात्मक” भी है क्योंकि यह केवल एक कप्तान का हटना नहीं, बल्कि एक युग के समाप्त होने जैसा है. रोहित शर्मा, वो नाम जिसने 2023 वर्ल्ड कप के दर्द को अपनी आँखों में समेटा, और फिर 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में उसे एक सुनहरी ट्रॉफी में बदल दिया.
वो कप्तान जिसने मैदान पर मुस्कान के साथ दबाव को संभालना सीखा, जिसने हार के बाद टीम को तोड़ा नहीं, जोड़ा. जिसने ये साबित किया कि कप्तानी सिर्फ़ रणनीति नहीं, संवेदना और संयम की कला है.
2023 के आँसू से लेकर 2025 की चमक तक
जब 2023 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत हारा, तब सबसे ज़्यादा दर्द किसी ने महसूस किया था तो वो थे रोहित शर्मा. वो मंच जिसे जीतने का सपना उन्होंने खुद देखा था, वहीं पर अधूरा रह गया था. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी, उन्होंने खुद से वादा किया कि एक दिन इसी टीम के साथ फिर से उठाकर खड़े होंगे. और वही हुआ, डेढ़ साल बाद, चैंपियंस ट्रॉफी की जीत के साथ उन्होंने उस वादे को पूरा किया. वो जीत सिर्फ़ ट्रॉफी नहीं थी, बल्कि एक टूटे हुए शख्स के चेहरे की मुस्कान थी.
आंकड़ों से नहीं, असर से मापिए
रोहित शर्मा का कप्तानी रिकॉर्ड अपने आप में सुनहरा अध्याय है, एशिया कप जीत, विश्व कप फाइनल, चैंपियंस ट्रॉफी खिताब, और दर्जनों यादगार सीरीज़ जीत. लेकिन उनसे भी ज़्यादा बड़ी बात थी उनका लीडरशिप स्टाइल. रोहित ने टीम को हमेशा एक विश्वास दिया, और वो विश्वास आज की युवा टीम की नींव बना.
उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने एक ऐसी पहचान बनाई जो निडर भी थी और अनुशासित भी. वो कप्तान जो कभी अपने खिलाड़ियों को "खिलाड़ी" नहीं, बल्कि "परिवार" मानता था. हर युवा खिलाड़ी के रोहित "भैया" थे.
फैन्स का दिल टूटा, लेकिन गर्व भी उतना ही है
अब जब शुभमन गिल कप्तानी संभालेंगे, तो यकीनन हर भारतीय चाहेगा कि टीम आगे बढ़े, लेकिन दिल के किसी कोने में एक खालीपन रहेगा. वो कप्तान जिसने भारतीय क्रिकेट को “हिटमैन एरा” दिया, जिसने हर युवा बल्लेबाज़ को सिखाया कि “क्लास” और “कंफिडेंस” साथ चल सकते हैं. शायद यही वजह है कि सोशल मीडिया पर आज हर दूसरा कमेंट, हर दूसरा ट्वीट बस एक ही भावना दोहरा रहा है, “कप्तान नहीं, एक युग गया.”
2027 की उम्मीद अब अधूरी रह गई
कई फैंस के लिए यह उम्मीद थी कि रोहित शर्मा आखिरी बार 2027 वर्ल्ड कप में कप्तान के रूप में उतरेंगे और भारत को वो खिताब दिलाएँगे जो 2023 में फिसल गया था. लेकिन अब लगता है कि वो सपना अधूरा ही रह जाएगा. फिर भी, एक सच्चे फैन के दिल में यकीन है कि रोहित शर्मा भले कप्तानी से हट गए हों, लेकिन टीम इंडिया के दिल की धड़कन हमेशा रहेंगे. क्योंकि इतिहास जीत से नहीं, किरदार से लिखा जाता है, और रोहित शर्मा का किरदार हमेशा भारतीय क्रिकेट की आत्मा में जिंदा रहेगा.
यह भी पढ़ें- भारत के बाजार से गायब हुए चीनी सामान, स्वदेशी आइटम की बढ़ी डिमांड, दिवाली से पहले निकला चीन का दिवाला