दिल्ली-NCR से UP-बिहार तक बारिश का कहर, IMD का बड़ा अलर्ट, कल आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम?

Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर तेज तेवर दिखा रहा है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत, मध्य भारत और दक्षिणी राज्यों के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

imd-weather-alert-heavy-rain-delhi-up-india-forecast
Image Source: ANI

Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर तेज तेवर दिखा रहा है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत, मध्य भारत और दक्षिणी राज्यों के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. दिल्ली-NCR में भी बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का दौर जारी रहने वाला है, जबकि पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और फ्लैश फ्लड जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है.

दिल्ली-NCR में अगले चार दिन बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले चार दिनों तक मौसम मुख्य रूप से बादल छाए रहने वाला है. IMD के अनुसार इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है. बारिश का यह दौर 9 और 10 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है. पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. ऐसे में दिल्ली-NCR समेत इन क्षेत्रों में लोगों को जलभराव और ट्रैफिक संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.

बीते 24 घंटे में कई राज्यों में बरसा पानी

पिछले 24 घंटों के दौरान भी देश के कई हिस्सों में मानसून काफी सक्रिय रहा. पूर्वी राजस्थान, हरियाणा-चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और केरल में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई, जहां कुछ स्थानों पर 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हुई. इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु समेत कई इलाकों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश रिकॉर्ड की गई. लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है.

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर-पश्चिम भारत में भी मानसून की सक्रियता बनी रहने वाली है. 9 से 14 अगस्त के बीच उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. उत्तराखंड में 9-10 अगस्त और पूर्वी राजस्थान व हिमाचल प्रदेश में 10-11 अगस्त को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. लगातार बारिश को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में संवेदनशील सड़कों, ढलानों और नदी-नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

मध्य और पूर्वी भारत में भी तेज बारिश

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. 9-10 अगस्त को पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि छत्तीसगढ़ में 8-9 अगस्त के दौरान भारी बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 8 से 12 अगस्त तक गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है. वहीं 9 से 14 अगस्त के बीच अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में व्यापक बारिश का अनुमान है. झारखंड और ओडिशा के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है.

यूपी-बिहार से दक्षिण भारत तक बारिश का असर

उत्तर प्रदेश में 9 और 10 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है. पूर्वी यूपी में 9-10 अगस्त और पश्चिमी यूपी में 10 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. बिहार में 8 से 12 अगस्त के बीच छिटपुट बारिश का अनुमान है, जबकि 13-14 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में व्यापक भारी बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा. 8 से 14 अगस्त के बीच तटीय कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में व्यापक बारिश का अनुमान है, जबकि 8-9 अगस्त को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

ये भी पढ़ें: 10 करोड़ वोल्ट और 30,000°C तापमान... बादलों के बीच कैसे बनती है बिजली? जानिए इसका करंट कितना खतरनाक