अमरनाथ यात्रा पर 20 दिन पहले लगी रोक, अब अगले साल ही होंगे बाबा बर्फानी के दर्शन

Shri Amarnath Yatra 2026: श्री अमरनाथ यात्रा 2026 को 9 अगस्त से कुछ समय के लिए रोक दिया जाएगा. यात्रा मार्ग की मरम्मत और जरूरी रखरखाव के चलते यह फैसला लिया गया है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चंदनवाड़ी और बालटाल दोनों रास्तों से यात्रा स्थगित रहेगी.

Amarnath Yatra was suspended 20 days early Baba Barfani can now be seen only next year
Image Source: ANI/ File

Shri Amarnath Yatra 2026: श्री अमरनाथ यात्रा 2026 को 9 अगस्त से कुछ समय के लिए रोक दिया जाएगा. यात्रा मार्ग की मरम्मत और जरूरी रखरखाव के चलते यह फैसला लिया गया है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चंदनवाड़ी और बालटाल दोनों रास्तों से यात्रा स्थगित रहेगी.

इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई थी. 57 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा का औपचारिक समापन 28 अगस्त 2026 को पवित्र छड़ी मुबारक के पूजन और पवित्र गुफा में पहुंचने के साथ होगा.

4.8 लाख से ज्यादा श्रद्धालु कर चुके दर्शन

इस बार यात्रा अनंतनाग जिले के चंदनवाड़ी और गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग से एक साथ शुरू हुई थी. अब तक 4.8 लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं. यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दोनों मार्गों से पवित्र गुफा तक पहुंचे हैं.

बारिश से ट्रैक के कुछ हिस्से प्रभावित

हाल में हुई बारिश के कारण यात्रा मार्ग के कुछ हिस्सों की हालत प्रभावित हुई है. इन जगहों पर ट्रैक की मरम्मत और जरूरी काम की जरूरत महसूस हुई है. ट्रैक को सुरक्षित बनाने का काम सीमा सड़क संगठन की ओर से किया जा रहा है. इसके अलावा मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में खराब मौसम की संभावना भी जताई है.

9 अगस्त से दोनों रास्तों पर यात्रा रुकेगी

ट्रैक की स्थिति और मौसम को देखते हुए प्रशासन ने 9 अगस्त से चंदनवाड़ी और बालटाल दोनों मार्गों पर यात्रा स्थगित करने का फैसला किया है. अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है. यात्रा मार्ग की स्थिति और मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है.

28 अगस्त को छड़ी मुबारक के साथ होगा समापन

अमरनाथ यात्रा की धार्मिक परंपरा के अनुसार पवित्र छड़ी मुबारक अपने पारंपरिक पहलगाम मार्ग से आगे बढ़ेगी. इसके बाद 28 अगस्त को पवित्र गुफा में छड़ी मुबारक के पहुंचने के साथ इस साल की यात्रा का औपचारिक समापन होगा.

कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें. प्रशासन यात्रा मार्ग और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. स्थिति के अनुसार आगे जरूरी फैसले लिए जाएंगे.

ये भी पढ़ें- दिल्ली में सीएम योगी ने PM मोदी से की मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई बात, जानें पूरी जानकारी