प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर दुनियाभर से शुभकामनाओं का तांता लगा रहा. इसी क्रम में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी मंगलवार देर रात प्रधानमंत्री मोदी को फोन कर जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. फोन पर हुई इस बातचीत के दौरान ट्रंप ने न सिर्फ मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की, बल्कि भारत-अमेरिका के बीच गहरे होते रणनीतिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने की इच्छा भी जताई.
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बातचीत की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “मेरे मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शानदार बातचीत हुई. मैंने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. वह एक बेहतरीन कार्य कर रहे हैं. रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के आपके समर्थन के लिए धन्यवाद, नरेंद्र.”
थैंक यू मेरे मित्र डोनाल्ड ट्रंप
प्रधानमंत्री मोदी ने भी ट्रंप की शुभकामनाओं का एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जवाब देते हुए कहा, “आपके फोन कॉल और शुभकामनाओं के लिए आभार, मेरे मित्र डोनाल्ड ट्रंप. आपकी तरह ही मैं भी भारत-अमेरिका की वैश्विक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हूं. यूक्रेन संकट के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों के लिए हम आपके समर्थन की सराहना करते हैं.”
मध्य प्रदेश में जन्मदिन मनाएंगे पीएम मोदी
इस वर्ष प्रधानमंत्री मोदी अपना जन्मदिन मध्य प्रदेश में मनाएंगे. 17 सितंबर को वह धार जिले के भैंसोला गांव पहुंचेंगे, जहां वे महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण को समर्पित योजनाओं की शुरुआत करेंगे. साथ ही प्रधानमंत्री टेक्सटाइल इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘पीएम मित्र पार्क’ की आधारशिला भी रखेंगे. यह पार्क लगभग 2,158 एकड़ क्षेत्र में फैला होगा और इसके निर्माण पर ₹2,050 करोड़ की अनुमानित लागत आएगी. अब तक 91 कंपनियों को 1,300 एकड़ भूमि का आवंटन किया जा चुका है, और ₹23,000 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं. यह पार्क ‘5F’ मॉडल—कृषि से कपड़े तक (Farm → Fibre → Factory → Fashion → Foreign)—के तहत पूरी टेक्सटाइल वैल्यू चेन को एकीकृत करने का प्रयास है.
सामाजिक कल्याण योजनाओं की भी होगी शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी अपने जन्मदिन के अवसर पर सामाजिक कल्याण से जुड़ी कई योजनाओं की भी शुरुआत करेंगे. इनमें ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार एवं पोषण अभियान’ प्रमुख है, जिसका उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण व स्वास्थ्य में सुधार लाना है. इसके साथ ही, ‘एक बगिया मां के नाम’ नामक अभियान की शुरुआत की जाएगी, जिसके तहत महिलाओं को पौधे भेंट किए जाएंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके.
‘आदि सेवा पर्व’ और तकनीकी पहल
पीएम मोदी ‘आदि सेवा पर्व’ का उद्घाटन भी करेंगे, जो 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और आजीविका से संबंधित गतिविधियों पर केंद्रित रहेगा. इसी कार्यक्रम में ‘सुमन सखी चैटबॉट’ और सिकल सेल स्क्रीनिंग के एक करोड़वें कार्ड का लोकार्पण किया जाएगा. इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों को वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी. इस पूरे कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति भी दर्ज की जाएगी.
यह भी पढ़ें: इजरायल से मुस्लिम उम्मा को बचाएगा पाकिस्तान, परमाणु बम के साथ सेना तैयार, इशाक डार ने दी गीदड़भभकी