'विमान में बम है...', कोलकाता पहुंचते ही फ्लाइट में मचा हड़कंप, टॉयलेट के शीशे पर लिखी मिली धमकी

कोलकाता एयरपोर्ट पर लगातार दूसरे दिन बम की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. शनिवार को थाईलैंड के फुकेत से कोलकाता पहुंची इंडिगो की एक फ्लाइट में बम होने का संदेश मिला.

kolkata-airport-bomb-threat-phuket-indigo-flight-security-check
Image Source: Social Media

कोलकाता एयरपोर्ट पर लगातार दूसरे दिन बम की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. शनिवार को थाईलैंड के फुकेत से कोलकाता पहुंची इंडिगो की एक फ्लाइट में बम होने का संदेश मिला. विमान के टॉयलेट के शीशे पर लिखे इस संदेश को देखकर क्रू मेंबर्स सतर्क हो गए और तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी. इसके बाद यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला गया और सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई.

टॉयलेट के शीशे पर लिखा मिला 'विमान में बम है'

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E1494 शनिवार दोपहर करीब 2:05 बजे कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी थी. विमान के टॉयलेट की जांच के दौरान क्रू मेंबर्स की नजर शीशे पर लिखे धमकी भरे संदेश पर पड़ी. इसमें अंग्रेजी में 'Bomb inside aircraft' लिखा हुआ था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पायलट और एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों को तत्काल जानकारी दी गई. इसके बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया, ताकि उसकी पूरी तरह से तलाशी ली जा सके. 

दो घंटे तक चली जांच

धमकी की सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), बम निरोधक दस्ते और एयरपोर्ट पुलिस की टीमों ने विमान की तलाशी शुरू की. एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को विमान से उतारकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. सुरक्षा जांच के दौरान यात्रियों को एयरपोर्ट के टर्मिनल में प्रवेश के लिए इंतजार करना पड़ा. रिपोर्ट के मुताबिक, यात्रियों को करीब शाम 4:30 बजे टर्मिनल में जाने दिया गया. राहत की बात यह रही कि तलाशी के दौरान विमान के भीतर कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला.

पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज

कोलकाता एयरपोर्ट पर यह घटना शुक्रवार को मिली बम की धमकी के ठीक एक दिन बाद हुई है. शुक्रवार सुबह एयरपोर्ट के एक महिला शौचालय में टिश्यू पेपर पर लिखा धमकी भरा नोट मिला था, जिसमें बोर्डिंग गेट के पास बम होने की बात कही गई थी. लगातार दो दिनों में सामने आई इन घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है. पुलिस अब फ्लाइट के यात्रियों की सूची और CCTV फुटेज की जांच कर रही है, ताकि संदेश लिखने वाले की पहचान की जा सके. शुरुआती जांच में किसी विस्फोटक के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि धमकी के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश जारी है. 

ये भी पढ़ें: Kal Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी में उठेगा चक्रवाती तूफान! UP-बिहार से दिल्ली तक... जानें कल के मौसम का हाल