साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय एक बार फिर अपनी नई फिल्म 'जन नायकन' की वजह से सुर्खियों में हैं. सिनेमाघरों में रिलीज होते ही फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला और बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई ने कई बड़े रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए. लेकिन इस बार चर्चा सिर्फ फिल्म की सफलता तक सीमित नहीं है. 'जन नायकन' की कमाई के साथ विजय ने पोस्ट कोविड दौर में तमिल सिनेमा का ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जहां अब तक कोई दूसरा अभिनेता नहीं पहुंच पाया था. लगातार हिट फिल्मों के दम पर उन्होंने 1000 करोड़ रुपये का नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पार कर इतिहास रच दिया है.
पोस्ट कोविड दौर में लगातार हिट फिल्मों का शानदार सफर
कोरोना महामारी के बाद सिनेमाघरों के दोबारा खुलने पर थलापति विजय ने अपने करियर की नई शुरुआत फिल्म 'बीस्ट' से की थी. शुरुआती मिश्रित प्रतिक्रियाओं के बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 130.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके बाद रिलीज हुई पारिवारिक ड्रामा 'वरिसु' ने दर्शकों का भरोसा और मजबूत किया तथा फिल्म ने लगभग 178.14 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया.
'लियो' बनी करियर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर
वर्ष 2023 में रिलीज हुई एक्शन थ्रिलर 'लियो' थलापति विजय के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल हो गई. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 341.04 करोड़ रुपये का लाइफटाइम नेट कलेक्शन किया. दमदार कहानी, हाई-वोल्टेज एक्शन और विजय के प्रभावशाली अभिनय ने इसे साल की सबसे बड़ी तमिल फिल्मों में जगह दिलाई.
इन फिल्मों ने बढ़ाई कमाई की रफ्तार
'लियो' के बाद विजय की फिल्म 'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' रिलीज हुई. बड़े बजट में बनी इस फिल्म ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग 252.71 करोड़ रुपये का नेट बिजनेस किया. इसके बाद आई 'जन नायकन' ने भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत करते हुए करीब 143.4 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया. लगातार पांच फिल्मों की इस सफलता ने विजय के कुल पोस्ट कोविड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को 1000 करोड़ रुपये के पार पहुंचा दिया.
रजनीकांत की फिल्मों की लिस्ट (पोस्ट कोविड)
1. अन्नाथे- 106.77 करोड़
2. जेलर- 348.55 करोड़
3. वैट्टेयन- 146.89 करोड़
4. कूली- 2785.01 करोड़
टोटल कलेक्शन- 887.22 करोड़
विजय की फिल्मों का कलेक्शन (पोस्ट कोविड)
1. बीस्ट- 130.25 करोड़
2. वरिसु- 178.14 करोड़
3. लियो- 341.04 करोड़
4. द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम- 252.71 करोड़
5. जन नायकन- 143.4 करोड़
टोटल कलेक्शन- 1045.54 करोड़
ऐसा करने वाले पहले तमिल स्टार बने विजय
'जन नायकन' की कमाई जुड़ने के बाद थलापति विजय पोस्ट कोविड दौर में 1000 करोड़ रुपये से अधिक नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन हासिल करने वाले पहले तमिल अभिनेता बन गए हैं. यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि तमिल सिनेमा के कई बड़े सितारे अभी तक इस मुकाम तक नहीं पहुंच सके हैं. बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के अनुसार, सुपरस्टार रजनीकांत की पोस्ट कोविड रिलीज फिल्मों का कुल नेट कलेक्शन करीब 887.22 करोड़ रुपये रहा है. ऐसे में विजय ने इस मामले में उनसे भी आगे निकलकर नया इतिहास बना दिया है.
थलापति विजय के प्रोफेशनल करियर की बात करें तो 'जन नायकन' को उनके अभिनय करियर की आखिरी फिल्म माना जा रहा है. राजनीति में सक्रिय होने और तमिलनाडु की राजनीति में नई भूमिका निभाने के बाद उन्होंने किसी नई फिल्म की घोषणा नहीं की है. इससे पहले भी विजय अभिनय छोड़कर पूरी तरह राजनीति पर ध्यान देने का संकेत दे चुके थे.
पूजा हेगड़े के साथ दिखी विजय की जोड़ी
'जन नायकन' में थलापति विजय के साथ अभिनेत्री पूजा हेगड़े मुख्य भूमिका में नजर आई हैं. फिल्म एक एक्शन थ्रिलर है, जिसमें विजय भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले दमदार किरदार में दिखाई देते हैं. दिलचस्प बात यह रही कि यह फिल्म करीब सात महीने तक सेंसर सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया में अटकी रही. लंबी प्रतीक्षा और कई औपचारिकताओं के बाद इसे आखिरकार रिलीज की मंजूरी मिली. सिनेमाघरों में आने के बाद फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला और अब यह बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है.
ये भी पढ़ें: ‘रामायण’ के ट्रेलर में दिखे बड़े बदलाव, राक्षसों से लेकर रणबीर कपूर के सीन तक मेकर्स ने किया सुधार