Vijay Oath Ceremony: तमिलनाडु की राजनीति में आज बड़ा बदलाव देखने को मिलने जा रहा है. अभिनेता से नेता बने थलपति विजय आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं. चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में होने वाले भव्य समारोह में विजय राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे. इस ऐतिहासिक मौके पर उनके साथ नौ अन्य नेता भी मंत्री पद की शपथ लेंगे.
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विधानसभा में बहुमत का समर्थन पत्र मिलने के बाद विजय को औपचारिक रूप से सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया. इसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई और कैबिनेट में शामिल होने वाले नेताओं के नामों पर भी मुहर लग गई.
राजनीतिक हलकों में इस शपथ ग्रहण समारोह को तमिलनाडु की राजनीति में नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है. विजय की पार्टी टीवीके ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए मजबूत प्रदर्शन किया और अब गठबंधन सहयोगियों के समर्थन से सरकार बनाने जा रही है.
विजय के साथ मंत्री पद की शपथ लेने वाले नेता
नई कैबिनेट में विजय के साथ जिन नेताओं को मंत्री पद की जिम्मेदारी मिल सकती है, उनमें कई अनुभवी और कुछ नए चेहरे शामिल हैं. जारी सूची के अनुसार ये नेता मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं:
इन नेताओं को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी दी जा सकती है. माना जा रहा है कि नई सरकार में युवा और अनुभवी नेताओं का संतुलन बनाने की कोशिश की गई है.
विजय अपने पास रख सकते हैं अहम मंत्रालय
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय कुछ महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रख सकते हैं. इनमें गृह मंत्रालय, पुलिस विभाग और सामान्य प्रशासन जैसे बड़े पोर्टफोलियो शामिल हो सकते हैं.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री के तौर पर विजय शुरुआती दौर में प्रशासनिक नियंत्रण मजबूत रखने के लिए प्रमुख विभाग खुद संभालना चाहेंगे.
किस नेता को मिल सकती है कौन सी जिम्मेदारी?
नई कैबिनेट में वरिष्ठ नेता के.ए. सेंगोट्टैयन को लोक निर्माण विभाग यानी पीडब्ल्यूडी की जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है. वहीं एन. आनंद को नगर प्रशासन विभाग दिया जा सकता है.
आर. निर्मलकुमार के बिजली विभाग संभालने की चर्चा है. आधव अर्जुन को खेल विकास मंत्रालय मिलने की संभावना बताई जा रही है. वहीं राजमोहन को आदि द्रविड़ कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है.
इसके अलावा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी वी.एन.एस. मुस्तफा को मिलने की संभावना भी जताई जा रही है. हालांकि अंतिम विभागों की घोषणा शपथ ग्रहण के बाद आधिकारिक रूप से की जाएगी.
कैसे बनी विजय की सरकार?
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन पार्टी अपने दम पर बहुमत का आंकड़ा हासिल नहीं कर पाई. इसके बाद विजय ने अन्य दलों के साथ बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे समर्थन जुटाया.
टीवीके को कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई(एम), विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) का समर्थन मिला. इन दलों के साथ आने के बाद गठबंधन के विधायकों की संख्या 120 तक पहुंच गई, जो बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े से अधिक है.
इस समर्थन के बाद विजय ने राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था.
चेन्नई में जश्न का माहौल
विजय के मुख्यमंत्री बनने की खबर के बाद चेन्नई समेत पूरे तमिलनाडु में उनके समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल है. कई जगहों पर पार्टी कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं, पोस्टर लगाए गए हैं और बड़े स्तर पर समारोह की तैयारियां की गई हैं.
शपथ ग्रहण समारोह में राजनीतिक दलों के नेताओं, फिल्म जगत की हस्तियों और हजारों समर्थकों के शामिल होने की संभावना है. सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है.
ये भी पढ़ें- UP Cabinet Expansion: कौन हैं वो छह नए चेहरे, जिन्हें आज योगी कैबिनेट में मिल सकती है जगह?