जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला, पूर्व सैनिक की मौत; CM उमर ने जताया दुख

जम्मू और कश्मीर के कुलगाम जिले में एक पूर्व सैनिक पर गोलीबारी की गई.

Terrorist attack in Jammu and Kashmir former soldier killed CM Omar
प्रतीकात्मक तस्वीर | Photo: ANI

जम्मू और कश्मीर के कुलगाम जिले में एक पूर्व सैनिक पर गोलीबारी की गई, जिसमें वह शहीद हो गए, जबकि उनकी पत्नी और बेटी घायल हो गईं. अधिकारियों के अनुसार, पूर्व सैनिक मंजूर अहमद वागे को उनके घर के पास गोली मारी गई. उन्हें पेट में गोली लगी, जबकि उनकी पत्नी और बेटी के पैरों में गोली लगी. दोनों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है.

कहां हुआ हमला?

यह हमला कुलगाम के बेहिबाग क्षेत्र में हुआ था, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया. घायल अवस्था में तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां पूर्व सैनिक मंजूर अहमद वागे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. उनकी पत्नी और बेटी की स्थिति स्थिर है. अभी तक इस हमले की जिम्मेदारी किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं ली है.

सीएम ने जताया दुख

जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, "कुलगाम में पूर्व सैनिक मंजूर अहमद वागे साहब की दुखद हत्या से गहरा दुख हुआ. उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं और उनकी घायल पत्नी और बेटी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना. इस तरह की घिनौनी हिंसा का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है और इसे सबसे मजबूत शब्दों में निंदा करनी चाहिए. शांति और न्याय का राज होना चाहिए."

ये भी पढ़ेंः स्कूल, दुकानें, ऑफिस... दिल्ली चुनाव की वोटिंग के दिन क्या-क्या बंद? यहां पढ़िए एक-एक डिटेल